4 नए राज्यपालों ने पदभार संभाला (राउंडअप)

पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री शिवराज पाटिल ने पंजाब, के.शंकरनारायणन ने महाराष्ट्र, ई.एस.एल. नरसिम्हन ने आंध्रप्रदेश और एम. ओ. एच. फारुक ने झारखण्ड के राज्यपाल पद की शपथ ली।

मुंबई में बाम्बे उच्च न्यायालय के कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश जे.एन.पटेल ने राजभवन के दरबार हॉल में शंकरनारायणन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण, उपमुख्यमंत्री छगन भुजबल, मुंबई की मेयर श्रद्धा जादव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

शंकरनारायणन का जन्म 15 अक्टूबर 1932 को केरल में हुआ था। वह चार बार विधायक चुने गए थे।

रांची में एम. ओ. एच. फारुक झारखण्ड उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश ज्ञान सुधा मिश्रा ने राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। वह राज्य के सातवें राज्यपाल हैं।

फारुक ने के.शंकरनारायणन का स्थान लिया है। शंकरनारायणन को महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है।

फारुक का जन्म छह सितंबर 1937 को पुड्डचेरी के कारियाकाल इलाके में हुआ था। वह तीन बार पुड्डचेरी के मुख्यमंत्री भी रहे। इसके अलावा वह तीन बार सांसद भी रहे। वर्ष 2004 में उन्हें सउदी अरब का राजदूत नियुक्त किया गया।

चण्डीगढ़ में शिवराज पाटिल ने शुक्रवार को पंजाब के राज्यपाल पद की शपथ ली।

पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश मुकुल मुदगल ने राजभवन में पाटिल को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई।

पंजाब के राज्यपाल के साथ पाटिल चण्डीगढ़ के प्रशासक का भी पदभार संभालेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

पाटिल ने एस.एफ.रॉड्रिग्ज का स्थान ग्रहण किया है। पाटिल राज्य के 33वें राज्यपाल हैं।

खुफिया ब्यूरो के पूर्व निदेशक ई.एस.एल.नरसिम्हन को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश ए.आर.दवे ने राजभवन में पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। वह राज्य के 22वें राज्यपाल हैं।

शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री के.रोसैया, उनके कैबिनेट के अन्य सदस्य, मुख्य सचिव एस.वी.प्रसाद और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

एन.डी.तिवारी के इस्तीफे के बाद नरसिम्हन को गत माह आंध्र प्रदेश का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया था। उस वक्त वह छत्तीसगढ़ के राज्यपाल थे।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+