नर्मदा नदी पर चढ़ाई गई 1100 फुट की चुनरी
जबलपुर, 22 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की जीवनदायनी नर्मदा नदी की जयंती धूमधाम से मनाई जा रही है। जयंती की पूर्व संध्या पर आयोजित कार्यक्रम में नर्मदा नदी को 1100 फुट लंबी चुनरी और 1100 मालाएं पहनाई गईं। साथ ही 11 मन (2040 किलो) दूध से नदी का स्नान कराया गया। नदी के तट पर शुक्रवार की सुबह से ही विशेष पूजा अर्चना की जा रही है।
नर्मदा नदी की जयंती की पूर्व संध्या पर गुरुवार शाम भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर नदी का विशेष श्रृंगार किया गया। इसी क्रम में 1100 फुट की चुनरी और विभिन्न किस्म के फूलों से बनी मालाएं पहनाई गईं। नदी के एक छोर से दूसरे छोर तक नाव के सहारे श्रद्घालुओं ने चुनरी और मालाएं चढ़ाईं।
इस मौके पर महंत श्याम सुंदर दास महाराज ने कहा कि नर्मदा नदी यहां के लोगों की तारण हारण है। इसीलिए जयंती पर चुनरी और फूलों की माला अर्पित कर हर कोई नर्मदा मैया से यही कामना करता है कि उसका जीवन भी फूलों की तरह खिले। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भक्तों की भावना का प्रतीक है।
नर्मदा नदी की शुक्रवार को जयंती है और इसे धूमधाम से मनाया जा रहा है। नदी के तमाम तटों पर विशेष पूजा अर्चना का दौर जारी है। इस अवसर पर श्रद्धालु लोग भजन पूजन, हवन और कन्या भोज का आयोजन कर रहे हैं
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications