हेती में फिर आया भूकंप

हेती में आठ दिन पहले आए तबाहकारी भूकंप के बाद बुधवार को फिर से ज़बरदस्त झटके महसूस किए गए हैं.
इसकी तीव्रता 6.1 आंकी गई है लेकिन जानमाल के नुकसान का अंदाज़ा नहीं लग पाया है.
अंदाज़ा है कि आठ दिन पहले आए भूकंप में दो लाख लोग मारे गए हैं और पंद्रह लाख से ज़्यादा बेघर हो गए हैं.
बुधवार को आए भूकंप के बाद भी चीख पुकार मच गई और लोग सड़कों और खुली जगहों की ओर भागने लगे.
भूकंप का केंद्र राजधानी पोर्ट ओ प्रिंस से 56 किलोमीटर की दूरी पर था.
पहले के भूकंप से चरमराई कुछ इमारतें इस भूकंप से गिर गई हैं.
इस बीच पहले आए भूकंप के लिए बचाव और राहत कार्य चल रहा है.
बुधवार को ही एक 69 साल की महिला को मलबे में से जीवित निकाला गया है.
एक 25 साल की युवती को एक ध्वस्त सुपरबाज़ार की इमारत के नीचे से निकाला गया.
संयुक्त राष्ट्र का कहना है अबतक 121 लोगों को मलबों के अंदर से जीवित निकाला गया है---इनमें से 31 को मंगलवार को निकाला गया.
राहत सामग्री के वितरण में भारी मुश्किलें आ रही हैं.
राष्ट्रपति रेने प्रेवल ने कहा है कि राहत सामग्री तो आ रही है लेकिन मुश्किल ये है कि उन्हें लोगों तक पहुंचाने के लिए ट्रक नहीं हैं, उन्हें रखने के लिए डिपो नहीं हैं.
हेती में पहले से भी काफ़ी ग़रीबी रही है और इस भूकंप ने मानो देश की कमर तोड़ दी है.












Click it and Unblock the Notifications