हैती सरकार नहीं कर पा रही है खाद्यान्न का वितरण
पोर्ट-ओ-प्रिंस (हैती), 19 जनवरी (आईएएनएस)। हैती सरकार को अंतर्राष्ट्रीय मदद से इतना अधिक खाद्यान्न मिल गया है कि वह न तो इसका ठीक से संग्रह कर पा रही है और न ही वितरण। पिछले सप्ताह यहां रिक्टर पैमाने पर 7.0 तीव्रता का भूकंप आने से भारी तबाही हुई थी।
समाचार एजेंसी ईएफई के मुताबिक कृषि सचिव मिशैल चांसी ने बताया कि उनके पास पर्याप्त खाद्यान्न है और अब इस खाद्यान्न को संग्रहित करने की समस्या है।
हैती के प्रधानमंत्री जीएन-मैक्स बिलीरिव ने ईएफई से कहा कि सरकार को अब तक 72,000 शव मिले हैं। इनमें से कुछ शवों का अंतिम संस्कार उनके परिवार वालों ने किया है जबकि हैती में संयुक्त राष्ट्र के स्थिरता मिशन ने भी कुछ शवों का अंतिम संस्कार किया है।
बिलीरिव ने कहा कि सरकार ने मरने वालों की संख्या 100,000 से अधिक बतायी थी लेकिन अब लगता है कि इससे कहीं अधिक लोगों की मौत हुई है। यद्यपि उन्होंने मरने वालों की कुल संख्या नहीं बताई।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता बेघर हुए लोगों को भोजन, पीने का पानी और आश्रय स्थल उपलब्ध कराना है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि दस्तावेजों के मुताबिक राजधानी क्षेत्र में पुलिसबल के 2,000 कर्मचारी कार्यरत हैं लेकिन वास्तविकता यह है कि इनमें से 60 प्रतिशत पुलिसकर्मी ही उपलब्ध रहते हैं। ये पुलिसकर्मी 48 घंटों तक बिना आराम के लगातार काम करके थकान से चूर हो जाते हैं।
सरकार ने व्यवस्था बनाए रखने के लिए अमेरिका और कनाडा से सैनिक भेजने के लिए कहा है।
विभिन्न परेशानियों के बावजूद रविवार को भूकंप में बेघर हुए लोगों के बीच राशन के 73,000 पैकेट वितरित किए गए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications