दिल्ली में कोहरा, विमान सेवाएं सामान्य, लेकिन रेल सेवाएं बाधित
नई दिल्ली, 18 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में सोमवार सुबह में हल्का कोहरा छाए रहने की वजह से रेल सेवाएं प्रभावित हुईं, हालांकि विमान सेवाएं सामान्य रहीं।
उत्तर रेलवे के प्रवक्ता के अनुसार कोहरे की वजह से कम से कम 24 रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है और 18 गाड़ियां देरी से चल रही हैं।
प्रवक्ता ने आईएएनएस को बताया कि खराब दृश्यता के कारण अमृतसर-कटिहार एक्सप्रेस, झांसी-लखनऊ एक्सप्रेस के साथ 22 अन्य रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया है। इनके अलावा 18 रेलगाड़ियां तीन घंटे की देरी से चल रही हैं।
कोहरे की वजह से नार्थईस्ट और ताज एक्सप्रेस के साथ चार और गाड़ियों के समय में बदलाव किया गया है।
वहीं इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे(आईजीआई) पर उड़ानों की आवाजाही सामान्य रही।
आईजीआई के प्रवक्ता ने बताया, "सुबह हल्का कोहरा था लेकिन इससे उड़ानों में कोई बाधा नहीं आई। रनवे पर दृश्यता 1,500 मीटर से अधिक रही जबकि नए रनवे पर यह 1,200 मीटर से अधिक रही। "
जबकि श्रीनगर,अमृतसर और चण्डीगढ़ में कोहरे के कारण वहां उड़ानों में देरी हुई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications