हैती में यूनेस्को के सभी कर्मचारी सुरक्षित
पेरिस, 16 जनवरी (आईएएनएस)। संयुक्त राष्ट्र के शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन (यूनेस्को) ने पुष्टि की है कि मंगलवार को हैती में आए विनाशकारी भूकंप में उसके सभी 14 कार्यकर्ता सुरक्षित हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के हवाले से बताया गया है कि इससे पहले यूनेस्को ने कहा था कि भूकंप के बाद उसके आठ कार्यकर्ताओं का कोई पता नहीं चल रहा है। अब यह स्पष्ट हुआ है कि सभी कार्यकर्ता सुरक्षित हैं।
यूनेस्को महानिदेशक इरिना बोकोवा ने शुक्रवार को विश्व समुदाय से भूकंप प्रभावित हैती के लिए तुरंत मदद पहुंचाने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यह एकजुटता दिखाने का समय है।
उन्होंने बताया कि भूकंप में स्कूलों की इमारतें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। शिक्षक और छात्र बड़ी संख्या में हताहत हुए हैं। उन्होंने इस आपदा को हैती के लिए बहुत बड़ा झटका बताया।
बोकोवा ने कहा कि देश के पुनर्निर्माण और विकास में शिक्षा की प्राथमिकता समझते हुए यूनेस्को हैती में दोबारा स्कूल खोलने और पढ़ाई शुरू कराने का हरसंभव उपाय करेगा।
उन्होंने हैती के पड़ोसी देशों और विदेशी विश्वविद्यालयों से भी हैती के छात्रों का दाखिला देने को कहा है। यूनेस्को हैती के शिक्षकों और छात्रों को मनोवैज्ञानिक उपचार देने की भी योजना बना रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications