गणतंत्र दिवस पर देश के मेहमान होंगे दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति
ली की चार दिवसीय यात्रा 24 जनवरी से शुरू हो जाएगी। इस यात्रा के दौरान भारत और दक्षिण कोरिया के बीच आर्थिक समझौते होंगे। ली चेन्नई भी जाएंगे।
विदेश मंत्रालय ने ली की यात्रा की जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति के साथ यहां उनकी पत्नी किम यून-ओके और एक उच्च-स्तरीय शिष्टमंडल भी पहुंचेगा।
ली और प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के बीच चर्चा के बाद दोनों देशों के बीच कुछ आर्थिक समझौते होने की संभावना है।
इस यात्रा से उड़ीसा के जगतसिंहपुर जिले की पास्को इस्पात परियोजना को गति मिलने की उम्मीद है। यह देश की सबसे अधिक 12 अरब डॉलर की प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) वाली परियोजना है।
ली के भारत दौरे के दौरान इस परियोजना की विधिवत शुरुआत हो सकती है और इससे दक्षिण कोरिया के संभावित निवेशकों तक सही संदेश पहुंच सकता है।
जगतसिंहपुर में दक्षिण कोरिया की इस्पात कंपनी पास्को की 12 अरब डॉलर की परियोजना का विरोध कर रहे ग्रामीणों द्वारा बंधक बनाए गए कंपनी के चार अधिकारियों को ली की यात्रा से कुछ पहले ही मुक्त कर दिया गया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications