हैती के राष्ट्रपति से संपर्क नहीं साध सके ओबामा
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ओबामा ने बुधवार को प्रेवल से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन वह कामयाब नहीं हुए। हैती में मंगलवार को आए भीषण भूकंप में राष्ट्रपति भवन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया था।
उधर, हैती में अमेरिकी राजदूत केनेथ मेर्टन ने प्रेवल से बात की थी। उन्होंने प्रेवल को अमेरिका से पूरी सहायता देने का वादा किया। व्हाइट हाउस के अनुसार हैती में राहत संबंधी कार्यक्रमों के संबंध में ओबामा ने संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून से बातचीत की थी।
ओबामा ने हैती में भूकंप के बाद की स्थिति पर ब्राजील के राष्ट्रपति, कनाडा के प्रधानमंत्री, मेक्सिको के राष्ट्रपति और चिली के राष्ट्रपति से बातचीत की।
गौरतलब है कि हैती में मंगलवार को रिक्टर पैमाने पर सात की तीव्रता वाले भूकंप के शक्तिशाली झटके महसूस किए गए थे। भूकंप में 100,000 से अधिक लोगों के मारे जाने की आशंका बताई जा रही है। विश्व बैंक ने हैती को 10 करोड़ डॉलर की आपात राशि मुहैया कराने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications