उप्र में कड़ाके की सर्दी जारी
राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में गुरुवार सुबह कोहरा छाया रहा। आसमान साफ होने और धूप खिलने की संभावना न के बराबर है। कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर स्कूलों की छुट्टियां तीन दिन बढ़ा दी गई हैं। मुख्यमंत्री मायावती ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आगामी 17 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने राज्य के सभी 71 जिलों के जिलाधिकारियों से कहा है कि 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
पिछले 24 घंटों में राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ शाहजहांपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने गुरुवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कुछ थमने के बावजूद वहां से आने वाली बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ा रही हैं। उन्होंने आने वाले दिनों में कोहरा छाने और सर्दी के बरकरार रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
घने कोहरे ने रेल और हवाई यातायात को प्रभावित किया है। दिल्ली व देश के दूसरे क्षेत्रों से लखनऊ की तरफ आने वाली रेलगाड़ियां चार से आठ घंटे की देरी से चल रही हैं। इसके अलावा नई दिल्ली, मुंबई व अन्य शहरों से लखनऊ आने वाने वाली उड़ानें निर्धारित समय से कुछ देरी के पहुंच रही हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications