उत्तर भारत में ठिठुरन जारी, कोहरे से 26 रेलगाड़ियां रद्द (राउंडअप)
नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर भारत में जारी सर्दी का दौर अभी जारी है। कुछ इलाकों में बारिश के बाद हवाएं चलने से ठिठुरन बढ़ गई है तो कुछ इलाकों में धूप खिलने और तापमान में वृद्धि से लोगों ने राहत की सांस ली। दिल्ली में कोहरे की वजह से 14 घरेलू उड़ानें प्रभावित हुईं वहीं 26 रेलगाड़ियों को रद्द करना पड़ा। प्रतिकूल मौसम की वजह से 78 रेलगाड़ियां देरी से चल रही हैं।
दिल्ली और इसके आसपास के इलाकों में गुरुवार की सुबह फिर घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से कई उड़ानें और रेल सेवाएं प्रभावित हुईं।
इंदिरा गांधी हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "कोहरे के कारण गुरुवार को 14 घरेलू उड़ाने प्रभावित हुईं जबकि दिन के दूसरे पहर में स्थिति में सुधार हुआ।'
वहीं कई रेलगाड़ियां अपने नियत समय से देरी से चलीं, कई के समय में परिवर्तन किया गया और कई रेलगाड़ियों को कोहरे की वजह से रद्द कर दिया गया। उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने कहा, " घने कोहरे की वजह से गुरुवार को रेल सेवाएं बाधित हुई। इस दौरान 78 रेलगाड़ियां देरी से चलीं जिनमें कई रेलगाड़ियां तीन घंटे से अधिक देरी से चलीं। वहीं कोहरे की वजह से 28 ट्रेनों के समय में परिवर्तन किया गया जबकि 26 ट्रेनों को रद्द करना पड़ा।"
भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि शुक्रवार को भी कोहरा छाया रहेगा। गुरुवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान औसत से थोड़ा उपर आठ डिग्री दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान औसत से चार डिग्री नीचे 17.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की सर्दी और शीतलहर का दौर जारी है। राज्यभर में सर्द हवाएं चल रही हैं। कई क्षेत्रों में पारा लुढ़ककर चार डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है। राज्य के लगभग सभी क्षेत्रों में गुरुवार सुबह कोहरा छाया रहा। आसमान साफ होने और धूप खिलने की संभावना न के बराबर है। कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर स्कूलों की छुट्टियां तीन दिन बढ़ा दी गई हैं।
मुख्यमंत्री मायावती ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आगामी 17 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने राज्य के सभी 71 जिलों के जिलाधिकारियों से कहा है कि 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
पिछले 24 घंटों में राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि 3.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ शाहजहांपुर प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान रहा।
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में पिछले एक हफ्ते से शीतलहर की मार झेल रहे लोगों को गुरुवार को धूप खिलने से कुछ राहत मिली है। क्षेत्र में घने कोहरे के साथ कड़ाके की सर्दी के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया था।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अगले कुछ दिनों में तापमान में वृद्धि के साथ लोगों को सर्दी से भी राहत मिलेगी। पंजाब का अमृतसर शहर सबसे सर्द रहा। यहां न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं लुधियाना और पटियाला में न्यूनतम तापमान क्रमश: छह और 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चण्डीगढ़ का न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल में न्यूनतम तापमान 3.2, 7.2 और पांच डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मध्य प्रदेश में कुछ इलाकों में पिछले दो दिनों के दौरान हुई बारिश के बाद उत्तरी हवाओं के जोर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। इतना ही नहीं आने वाले 24 घंटों में ठंड का दौर बढ़ने के आसार बने हुए हैं।
भोपाल स्थित मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहे और हवाओं का जोर रहा। राजधानी में तो अधिकतम तापमान में आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शिवपुरी में तो न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। प्रदेश में उत्तरी हवाओं का जोर बढ़ने के कारण ठंड में कुछ इजाफा हुआ है।
शीत लहर के कारण पिछले चार दिनों से ठिठुर रही बिहार की राजधानी पटना में बुधवार रात हुई बूंदाबांदी से सर्दी बढ़ गई। गुरुवार की सुबह लोग घरों में ही दुबके रहे। न्यूनतम तापमान में वृद्घि अवश्य दर्ज की गई है लेकिन शीत लहर का प्रकोप जारी है।
मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार की तुलना में गुरुवार को पटना के न्यूनतम तापमान में करीब पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्घि हुई है। पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आसमान में बादल छाए रहने के कारण लगातार पांचवें दिन भी लोगों को धूप के दर्शन नहीं हुए।
राज्य में पूर्णिया सबसे ठंडा क्षेत्र रहा जहां का न्यूनतम तापमान 8.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गया का न्यूनतम तापमान 10.8 तथा भागलपुर का न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पिछले चौबीस घंटे में पटना में 0.9 मिलीलीटर बारिश दर्ज की गई है।
कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में रात के तापमान में कुछ वृद्धि के बावजूद यह लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। श्रीगनगर में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 3.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं लद्दाख के लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 14 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, "श्रीनगर का अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया, जबकि लेह में यह शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।"
उन्होंने बताया कि घाटी और लद्दाख क्षेत्र में रात के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। घाटी में दो दिन पहले न्यूनतम तापमान शून्य से 4.2 डिग्री सेल्सियस नीचे जबकि लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 22 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था।
शिमला में बुधवार को हुए इस सत्र के पहले हिमपात के एक दिन बाद गुरुवार को धूप निकलने से लोगों को राहत मिली जबकि राज्य के ऊंचे इलाकों में सर्दी का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस को बताया, "शिमला और उसके आसपास के इलाकों में बुधवार को हुई बारिश और हिमपात के बाद गुरुवार सुबह धूप खिली।"
उन्होंने कहा, "शिमला में न्यूनतम तापमान 1.1 डिग्री सेल्सियस था जबकि बुधवार को यहां का तापमान शून्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था।"
गौरतलब है कि गुरुवार को लाहौल और स्पिीती जिले के केयलांग और किन्नोर जिले के कालपा में न्यूनतम तापमान शून्य से 11.3 डिग्री सेल्सियस और 7.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। बुधवार को यहां का तापमान शून्य से 9.2 डिग्री तथा 3 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
मनमोहन सिंह ने कहा कि मांदी जिले के सुंदरनगर में न्यूनतम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस जबकि धर्मशाला में 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कुल्लू जिले के भूंतर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications