ज्योति बसु की हालत और बिगड़ी (लीड-2)
अस्पताल के अधिकारियों की ओर से आज शाम जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा गया, "बसु की हालत बेहद नाजुक है। उन्हें कृत्रिम श्वसन प्रणाली (वेंटिलेटर)पर रखा गया है। उनके शरीर के लिए ऑक्सीजन की जरूरत भी बढ़ गई है। उनकी डायलिसिस हो रही है।"
बुलेटिन के मुताबिक, "उनके ह्रदय व गुर्दे की स्थिति गुरुवार को और खराब हो गई। दवाइयों के जरिए उनका रक्त चाप नियंत्रित किया जा रहा है। अगले चार घंटों तक उनकी डायलिसिस जारी रहेगी।"
95 वर्षीय बसु को गत एक जनवरी को निमोनिया की शिकायत के बाद कोलकाता के साल्टलेक स्थित एएमआरआई अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।
इससे पहले अस्पताल के अधीक्षक देबाशीष शर्मा ने आईएएनएस को बताया, "बसु के स्वास्थ्य में गुरुवार को कोई बदलाव नहीं हुआ। उनकी हालत अभी तक नाजुक बनी हुई है। उनके रक्तचाप को दवाओं से नियंत्रित रखा जा रहा है।"
बसु के हीमोग्लोबिन के स्तर में गुरुवार सुबह कुछ सुधार हुआ। शर्मा ने बताया, "हीमोग्लोबिन का स्तर बुधवार रात से बेहतर है।"
वर्ष 1914 में कोलकाता में जन्मे बसु जून 1977 में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री बने थे। स्वास्थ्य कारणों से उन्होंने नवंबर 2000 में मुख्यमंत्री पद छोड़ दिया था।
माकपा के संस्थापक सदस्यों में से एक बसु का वर्ष 1996 में प्रधानमंत्री बनना तय था लेकिन पार्टी ने इस प्रस्ताव को वीटो कर दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications