बिहार प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और केंद्रीय प्रभारी के खिलाफ मामला दर्ज
पटना, 14 जनवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस की बिहार इकाई के अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा तथा उसके बिहार प्रभारी जगदीश टाइटलर पर दलितों के मान-सम्मान को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाते हुए पटना अनुसूचित जाति थाने में गुरुवार को एक मामला दर्ज कराया गया है।
पटना हरिजन थाने के प्रभारी नेसार अहमद ने बताया कि बिहार दलित क्रांति मोर्चा के अध्यक्ष विधानचंद्र राय ने आज एक लिखित शिकायत पत्र दिया है कि बिहार प्रदेश कांग्रेस समिति की जारी की गई ताजा सूची में सभी के नामों के आगे उनकी जाति का उल्लेख किया गया है और इसे सार्वजनिक भी किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि इससे दलित जाति के लोगों के मान-सम्मान को ठेस पहुंची है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए राय ने शर्मा और टाइटलर को दोषी ठहराया है। अहमद ने बताया कि इस मामले की जांच प्रारंभ कर दी गई है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में बिहार प्रदेश कांग्रेस समिति का पुनर्गठन किया गया है। इस पुनर्गठन के संबंध में सार्वजनिक हुई सूची में लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार का भी नाम था और उनके नाम के आगे उनकी जाति का उल्लेख किया गया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications