नारायणन को राज्यपाल बनाने संबंधी खबरों का खंडन
नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्र सरकार ने गुरुवार को उन खबरों का खंडन किया जिनमें कहा गया था कि वह राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार एम. के. नारायणन को राज्यपाल बनाने के बारे में विचार कर रही है।
केंद्रीय सचिवालय के एक वरिष्ठ नौकरशाह ने कहा, "हमें ऐसी कोई भी जानकारी नहीं है। फिलहाल, ऐसा कोई प्रस्ताव भी नहीं है।"
इस प्रकार की खबरें आ रही थी कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने राज्यपालों की नियुक्तियों के लिए उम्मीदवारों की जो सूची बनाई है उसमें नारायणन का नाम शीर्ष पर है। खबरों में कहा गया है कि नारायणन को पश्चिम बंगाल या महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया जा सकता है।
कांग्रेस प्रवक्ता मोहन प्रकाश से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, "हम मीडिया में छपी इस तरह की खबरों पर अपनी प्रतिक्रिया नहीं देते। ऐसा कोई भी निर्णय होगा तो आप लोगों को इसकी जानकारी दे दी जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications