भारत के साथ कई सौदों की योजना बना रहा है जर्मनी
चेन्नई, 14 जनवरी (आईएएनएस)। जर्मनी के राष्ट्रपति हर्स्ट कोहलर की अगले महीने की शुरुआत में होने वाली भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच आर्थिक, तकनीकी और रक्षा के क्षेत्र में सहयोग के कई समझौते होंगे।
भारत में जर्मनी के राजदूत थामस मतुस्सेक ने आईएएनएस को बताया, "हम आर्थिक-तकनीकी सहयोग के 35 करोड़ यूरो मूल्य के एक समझौते और आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष के एक समझौते पर हस्ताक्षर करेंगे।"
उनके अनुसार जर्मनी ने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई के लिए भारतीय कमांडो को प्रशिक्षित करने का प्रस्ताव दिया है।
मतुस्सेक ने कहा, "दो या तीन समझौतों की योजना है। समझौते व्यापक परिदृश्य के होंगे। दोनों देशों के कारपोरेट क्षेत्र वास्तविक कार्य को अंजाम देंगे।"
उन्होंने कहा कि अभी द्विपक्षीय व्यापार करीब 15 अरब यूरो (22 अरब डॉलर) का है और इसके और बढ़ने की उम्मीद है।
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील के निमंत्रण पर हर्स्ट कोहलर और उनकी पत्नी इवा लुइस दिल्ली, मुंबई और पुणे की यात्रा करेंगे।
मतुस्सेक ने कहा कि राष्ट्रपति चेन्नई से अपनी तीन दिवसीय यात्रा का आरंभ करेंगे।
उन्होंने कहा, "जर्मनी परमाणु सुरक्षा और असैन्य परमाणु क्षेत्र में भारत के साथ सहयोग करेगा। इसके ब्योरे पर काम चल रहा है। भारत का परमाणु अप्रसार का रिकार्ड बेहतरीन रहा है और इसीलिए हम अमेरिका के साथ उसके परमाणु समझौते पर सहमत हुए।"
मतुस्सेक ने कहा कि जर्मनी भारत को विमान और पनडुब्बियां बेचने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि उनका देश भारत को लड़ाकू विमान टायफून की प्रौद्योगिकी बेचने और बिना एंड-यूजर समझौते के विमान को भारत में बनाने की अनुमति देने को तैयार है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications