गंगा सागर में भगदड़, 7 मरे, जांच के आदेश (लीड-2)
मकर संक्राति के दिन यह भगदड़ उस समय मची जब श्रद्धालु एक नौका पर चढ़ने का प्रयास कर रहे थे। मृतकों में छह महिलाएं और एक बच्चा शामिल है।
राज्य के मुख्य सचिव अशोक मोहन चक्रवर्ती ने संवाददाताओं से कहा, "जिला प्रशासन को जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हम इस बात पर भी ध्यान दे रहे हैं कि हादसे के पीछे कोई जिम्मेदार है या नहीं।"
चक्रवर्ती ने कहा, "अभी इस संबंध में कुछ भी नहीं कहा जा सकता है कि हादसे में जिला प्रशासन की ओर से कोई चूक हुई है या नहीं। हमने जांच के आदेश दे दिए हैं और रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।"
उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन को मृतकों की शिनाख्त करने और शवों को उनके संबंधियों के सुपुर्द करने को कहा गया है।
दक्षिणी 24 परगना के जिला अधिकारी खलील अहमद ने बताया, "यह हादसा सुबह 4.30 से पांच बजे के बीच हुआ। नौका पर सवार होने की अफरा-तफरी में श्रद्धालुओं ने बैरिकेड तोड़ दिया। हम श्रद्धालुओं के हर समूह को सलाह देते हैं वे महिलाओं और बच्चों को बीच में रखें। परंतु यहां ऐसा नहीं किया गया था। "
अहमद ने कहा कि मारे गए सात लोगों में छह महिलाएं और एक बच्चा शामिल है। घायलों को काकद्वीप अस्पताल और डायमंड हार्बर सब-डिवीजनल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों मे कई की हालत गंभीर बताई गई है।
उल्लेखनीय है कि मकर संक्रांति पर हर साल गंगा नदी और बंगाल की खाड़ी के संगम स्थल पर लाखों श्रद्धालु जुटते हैं और वहां कपिल मुनि के मंदिर में पूजा करते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications