विश्व शांति के लिए खतरा है पाकिस्तान : अमेरिकी अर्थशास्त्री
नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। यहां एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में जमा हुए अमेरिका एवं दूसरे देशों के अर्थशास्त्रियों ने पाकिस्तान में लोकतंत्र के भविष्य पर चिंता जताते हुए कहा है कि वहां जारी आतंकवाद विश्व शांति के लिए खतरा बन सकता है।
कैलीफोर्निया विश्वविद्यालय में अर्थशास्त्र के प्रोफेसर माइकल डी. इंट्रीलिगेटर ने कहा, "आतंकवाद, आपसी तनाव, सेना और जेहादियों की सांठगांठ और अलकायदा से नाता रखने वाले आतंकी समूहों की सक्रियता पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और राजनीति को खोखली करती जा रही है। एक बड़ी समस्या यह है कि अशांत पाकिस्तान एटमी क्षमता से भी लैस है। आप कह नहीं सकते कि पाकिस्तान में लोकतंत्र कब तक टिका रहेगा। "
उन्होंने आगे कहा, "देश में दूसरे मुशर्रफ या ए.क्यू खान के पैदा होने का खतरा है। इसका भी खतरा है कि खुफिया एजेंसी आईएसआई देश में फिर से हद से ज्यादा असरदार बन जाए। आज पाकिस्तान उन तमाम खतरों की जद में है जो पूरी दुनिया की शांति को तबाह कर सकते हैं।"
वह इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय, गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति और यूनेस्को द्वारा "संघर्ष प्रबंधन, शांति अर्थशास्त्र और शांति विज्ञान" विषय पर आयोजित दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन में बोल रहे थे। उनकी इस राय से पाकिस्तानी प्रोफेसर रियाज अहमद शेख ने सहमति जताई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications