पंजाब में पकड़ा गया पाकिस्तानी आत्मघाती हमलावर (लीड-1)
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि सुरक्षा एजेंसियों द्वारा की गई शुरुआती पूछताछ में गिरफ्तार युवक की शिनाख्त पाकिस्तान में लाहौर के निकट सिंहपुरा में रहने वाले नोमन अरशद के रूप में हुई है और वह सीमा पर टोह लेने के लिए आया था।
उसका कहना है कि तीन महिलाओं सहित छह से सात आत्मघाती हमलावर पंजाब सीमा से भारत में घुसने को तैयार हैं और वे यहां हमलों को अंजाम देंगे।
बीएसएफ के पंजाब फ्रंटीयर के उप महानिरीक्षक (डीआईजी) जागीर सिंह ने आईएएनएस को बताया, "सीमा पर टोह ले रहे पाकिस्तानी युवक को बीएसएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। आगे की जांच जारी है।"
उन्नीस वर्षीय अरशद का दावा है कि उसे पाकिस्तान के ओकाया प्रशिक्षण शिविर में हथियारों और विस्फोटकों के इस्तेमाल के लिए प्रशिक्षित किया गया था। मुंबई पर हुए 26/11 के हमले में शामिल अकेला जीवित बचा आतंकवादी अजमल आमिर कसाब भी ओकाया शिविर में प्रशिक्षित है।
अरशद ने मीडियाकर्मियों से कहा, "हमें पाकिस्तान में आंखों पर पट्टी बांधकर एक प्रशिक्षण शिविर में ले जाया जाता था। मुझे और अन्य लोगों को हथियारों का प्रशिक्षण दिया गया है।"
बीएसएफ सूत्रों के मुताबिक युवक ने उन्हें बताया कि फिदायीनों का एक समूह भारतीय सीमा पार कर पंजाब में घुसपैठ की तैयारियां कर रहा है।
इस पाकिस्तानी युवक की गिरफ्तारी ऐसे समय हुई है जब एक सप्ताह से भी कम समय पहले सीमा पार से भारत की ओर रॉकेट दागे गए थे। इससे पहले पिछले वर्ष जुलाई और सितम्बर में भी भारत की ओर रॉकेट छोड़े गए थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications