अमेरिकी बैंकों के प्रमुखों से कांग्रेस में पूछताछ
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार गोल्डमैन सैक्स, जेपी मॉर्गन चेस, मॉर्गन स्टैनले और बैंक ऑफ अमेरिका के प्रमुखों ने माना कि वे संकट के पूर्व संकेतों को समझने में नाकाम रहे। उन बैंकों के प्रमुखों ने पिछले दो साल से जारी संकट के लिए बस क्षमा भर ही मांगी।
गोल्डमैन सैक्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी लॉयड ब्लैंकफिन ने कहा कि 'प्रणाली में कोई कमी' नहीं होने के विश्वास के कारण वॉल स्ट्रीट ने कम ब्याज दरों पर ऋण अदायगी जारी रखी और वह ऋण के जाल में उलझ कर रह गया। यह सिलसिला तब तक जारी रहा जब तक सितम्बर 2008 में लेहमैन ब्रदर्स का पतन नहीं हुआ।
बैंक ऑफ अमेरिका के प्रमुख ब्रायन मोएनिहान ने स्वीकार किया, "इस संकट के दौरान एक उद्योग के नाते हमने काफी नुकसान उठाया।"
ब्लैंकफिन की कैलीफोर्निया के पूर्व राजनीतिज्ञ एवं कांग्रेसी पैनल के प्रमुख फिल एंजलिडिस के साथ तीखी नोंक-झोंक भी हुई। एंजलिडिस ने कहा, "लोग खफा हैं, और उन्हें ऐसा करने का हक भी है।
हकीकत यह है कि सरकार की ओर से मिली खरबों डॉलर की सहायता की वजह से वॉल स्ट्रीट को रिकार्ड मुनाफा और बोनस मिल रहा है जबकि बहुत से परिवार वजूद बनाए रखने के लिए संघर्षरत हैं।"
कांग्रेस के इस पैनल की बैठके साल भर जारी रहने के आसार हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications