आतंकवाद से निपटने में अमेरिकियों को ओबामा पर भरोसा
ओबामा के पक्ष में यह उत्साहवर्धक और सकारात्मक नतीजा ऐसे वक्त आया है, जब अमेरिकी परिसंपतियों को आतंकी हमले से पूरी तरह बचाने में अमेरिकी खुफिया एजेंसियों की विफलता हाल ही में उजागर हुई है। हाल ही में आतंकवादी एक अमेरिकी विमान को विस्फोटक से उड़ाने के अपने इरादे को पूरा करने के करीब पहुंच गए थे, पर ऐन वक्त पर किसी तकनीकी चूक के कारण वे विस्फोट करने में नाकाम रहे।
सीएनएन/ओपिनियन रिसर्च कॉरपोरशन सर्वे के नतीजे से पता चलता है कि करीब दो-तिहाई लोगों को आतंकवाद से निपटने में ओबामा प्रशासन की क्षमता पर भरोसा है। इस मामले में ओबामा प्रशासन को पिछले साल अगस्त महीने के सर्वे नतीजे की तुलना में दो अंक ज्यादा मिले हैं। वैसे, 35 फीसदी लोगों ने इस मुद्दे पर ओबामा प्रशासन में अविश्वास जताया है। पिछले सर्वे नतीजे में ऐसे लोगों की संख्या 36 फीसदी थी।
उल्लेखनीय है कि एम्सटर्डम-डेट्रोयट उड़ान संख्या 253 में धमाके करने में आतंकवादी सफलता के करीब पहुंच गए थे, पर तकनीकी चूक ने उनके इरादे पर पानी फेर दिया। इसे अभेद्य समझे जाने वाले अमेरिकी खुफिया और सुरक्षा तंत्र की विफलता के तौर पर देखा जा रहा है। इसके बावजूद ओबामा पर लोगों को भरोसा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications