उत्‍तर भारत में शीतलहर का कहर जारी

Fog in UP
नई दिल्ली। देश का उत्तरी हिस्सा लगातार शीतलहर की चपेट में बना हुआ है। राजधानी दिल्ली सहित उत्तर प्रदेश, बिहार, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू एवं कश्मीर आदि राज्यों में जारी शीत लहर के कारण सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। सोमवार को दिन में राजधानी दिल्ली का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस के ऊपर-नीचे होता रहा, जो औसत से छह डिग्री कम था।

राजधानी में सोमवार को निम्नतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया। दिन में मौसम साफ होने की वजह से दृश्यता का स्तर सामान्य रहा और इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआई) से उड़ानें सामान्य रूप से संचालित होती रही। लेकिन पिछले कुछ दिनों तक छाए रहे घने कोहरे की वजह से अभी भी कम से कम 50 रेलगाड़ियां छह घंटे से अधिक विलंब से चल रही हैं।

उत्तर रेलवे के प्रवक्ता ने बताया, "दिल्ली में मौसम में सुधार हुआ है लेकिन देश के दूसरे हिस्सों में ऐसा नहीं है। कई रेलगाड़ियां अभी विलंब से चल रही हैं और उनके समय में बदलाव किया जा रहा है।"

ट्रेनों के समय में बदलाव

दिल्ली आने वाली तीन रेलगाड़ियों, नॉर्थवेस्ट एक्सप्रेस, सीमांचल एक्सप्रेस और बांद्रा गरीब रथ एक्सप्रेस के समय में बदलाव किया गया है। खराब मौसम की वजह से कुल 30 रेलगाड़ियां सोमवार को रद्द कर दी गईं। इनमें से 17 रेलगाड़ियां 31 जनवरी तक के लिए स्थगित की गई हैं।

दिल्ली सरकार ने कड़ाके की सर्दी के चलते सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों को 16 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश प्राथमिक से आठवीं कक्षा तक के विद्यालयों पर लागू होगा।

दिल्ली के शिक्षा मंत्री अरविंदर सिंह लवली ने कहा, "अभिभावकों के अनुरोध और बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर सरकार ने विद्यालयों को बंद करने का फैसला किया है। विद्यालय 18 जनवरी को पुन: खुलेंगे।" लवली ने बताया कि निजी और सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त विद्यालयों को भी बंद करने की सलाह दी गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा है, "मंगलवार की सुबह हल्का कुहरा छाया रह सकता है। दिन में आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान 17 डिग्री के आसपास तथा निम्नतम तापमान नौ डिग्री सेल्सियस बना रहेगा।" उत्तर प्रदेश में भी शीतलहर का दौर जारी है। बीते दो दिनों की तरह सोमवार सुबह भी कोहरा छाया रहा। सर्द हवाओं के कारण लोग घरों से दुबके रहे।

मुख्यमंत्री मायावती ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आगामी 13 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सभी 71 जिलों के जिलाधिकारियों से कहा है कि 312 तहसीलों में सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलाने में कोताही न बरती जाए।

पिछले 24 घंटों के दौरान राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 11 डिग्री सेल्सयस कम था। मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने सोमवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि आने वाले दिनों में कोहरे और सर्दी की स्थिति बनी रहेगी।

कश्मीर घाटी और लद्दाख क्षेत्र में भी सर्दी से कोई राहत नहीं मिली है। यहां रात का तापमान लगातार शून्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य 4.2 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। वहीं लद्दाख के लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले तीन-चार दिनों में साफ रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने अगले तीन-चार दिनों तक यहां मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में और गिरावट का अनुमान व्यक्त किया है। घाटी में 21 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक की अवधि को 'चिल्ला कलां' कहा जाता है और इस दौरान यहां सबसे ज्यादा सर्दी रहती है। इसी दौरान कश्मीर की पहाड़ियों के बारहमासी जलाशय बर्फ से पट जाते हैं, जिनकी वजह से गर्मियों में पानी की धाराएं बनी रहती हैं।

हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में सोमवार को पारा थोड़ा उपर चढ़ा, लेकिन राज्य के ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान शून्य से नीचे बना हुआ है। केलांग का तापमान शून्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा, जो राज्य में सबसे कम है।

मौसम विज्ञान विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि शिमला में सोमवार को न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल स्पीति के केलांग और काल्पा में तापमान क्रमश: शून्य से 12.1 डिग्री सेल्सियस तथा शून्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है।

मंडी जिले के सुंदरनगर में तापमान 0.1डिग्री सेल्सियस, कूल्लू जिले के भुंतर में 0.4 डिग्री सेल्सियस और कांगड़ा जिले के धर्मशाला में 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। चण्डीगढ़ में सोमवार का दिन पिछले सात वर्षो का सबसे सर्द दिन रहा। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और न्यूनतम तापमान 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अमृतसर में 1.2 डिग्री तापमान

पंजाब के अमृतसर शहर में न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटियाला और लुधियाना में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.6 और छह डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सोमवार को हरियाणा के अंबाला, करनाल और हिसार में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.1, 6.3 और 6.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधर, बिहार में भी शीतलहर का कहर जारी है। पटना में सोमवार को न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

सोमवार को राज्य में सबसे सर्द क्षेत्र गया जिला रहा। वहां न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा पूर्णिया का न्यूनतम तापमान 6़ 9 डिग्री सेल्सियस तथा भागलपुर का न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सरकार ने 12 जनवरी तक सभी निजी और सरकारी विद्यालयों को बंद रखने का निर्देश दिया है।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+