उप्र में शीतलहर जारी
पिछले 24 घंटे में शिमला का अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि लखनऊ का 11 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 12 डिग्री सेल्सियस कम था।
लखनऊ के अलावा दूसरे शहरों में भी अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। कानपुर का अधिकतम तापमान 10.9, बरेली का 10.1 और झांसी का 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में मंगलवार सुबह भी कोहरा छाया रहा।
मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने मंगलवार को लखनऊ में संवाददाताओं को बताया कि पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी का सिलसिला थोड़ा थमा है लेकिन मैदानी इलाकों में इसका असर अभी पूरी तरह प्रभावी है। वहां से आने वाली बर्फीली हवाएं प्रदेशभर में ठिठुरन बढ़ा रही हैं। उन्होंने आने वाले दिनों में कोहरा छाने और सर्दी के बरकरार रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
कड़ाके की सर्दी के मद्देनजर मुख्यमंत्री मायावती ने कक्षा आठ तक के सभी सरकारी और निजी स्कूलों को आगामी 13 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने राज्य के सभी 71 जिलों के जिलाधिकारियों से कहा कि 312 तहसीलों के सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications