उत्तर भारत में सर्दी से जनजीवन अस्त-व्यस्त (राउंडअप)
दिल्ली में कड़ाके की सर्दी पिछले कई दिनों से जारी है। मंगलवार को यहां का अधिकतम तापमान 14.9 डिग्री दर्ज किया गया जो कि औसत से छह डिग्री कम है। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री दर्ज किया गया।
दिल्ली में बुधवार को तापमान में वृद्धि हो सकती है लेकिन हल्की बारिश होने की भी संभावना है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि बुधवार को आसमान आंशिक रूप से साफ रहेगा और हल्की बारिश की संभावना है। बारिश की वजह से तापमान में वृद्धि हो सकती है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 15 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
चण्डीगढ़ में मंगलवार को सबसे सर्द दिन रहा। पिछले सात सालों के दौरान यहां ऐसी सर्दी नहीं पड़ी। यहां का अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां सर्दी ने सबसे कम अधिकतम तापमान का पिछले सात सालों का रिकार्ड तोड़ दिया है। सोमवार को यहां अधिकतम तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक भीषण सर्दी के कारण पड़ोसी राज्य पंजाब और हरियाणा में आठ लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में पांच हरियाणा और तीन पंजाब के हैं।
बिहार में शीतलहर का प्रकोप जारी है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्घि हुई है लेकिन सर्द हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल पाई। इस बीच राज्य में सर्दी के कारण पिछले 24 घंटे में 10 लोगों के मरने की सूचना है, लेकिन आपदा प्रबंधन विभाग ने इससे इंकार किया है। राज्य सरकार ने सर्दी के कारण सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों को 15 जनवरी तक बंद रखने का निर्देश दिया है।
पिछले 24 घंटे के अंदर राज्य में 10 लोगों की मौत सर्दी के कारण हुई। इस तरह राज्य में अब तक ठंड से मरने वालों की संख्या 40 हो गई है। हालांकि राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने सर्दी से किसी के भी मरने की बात नहीं स्वीकारी है। विभाग के उप सचिव आऱ आऱ सिंह ने मंगलवार को बताया कि विभाग के पास ऐसी सूचना नहीं है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में अब तक किसी व्यक्ति की मौत सर्दी से नहीं हुई है।
पटना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सोमवार की तुलना में करीब दो डिग्री ज्यादा है। मंगलवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान गया जिला रहा जहां न्यूनतम तापमान 5़ 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा भागलपुर का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तथा पूर्णिया का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान शिमला से भी कम दर्ज किया गया। लखनऊ के अलावा राज्य के दूसरे शहरों में भी अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। कानपुर का अधिकतम तापमान 10.9, बरेली का 10.1 और झांसी का 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में मंगलवार सुबह भी कोहरा छाया रहा।
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। अमृतसर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पटियाला और लुधियाना में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.2 और 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चण्डीगढ़ में भी सर्द मौसम का कहर जारी है। यहां अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.7, छह और 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
श्रीनगर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 22 डिग्री एवं कारगिल का शून्य से 16.4 नीचे तापमान दर्ज किया गया। श्रीगनर में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने घाटी में अभी कुछ दिन और इसी प्रकार के सर्दी के बरकरार रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश में सोमवार की तुलना में मंगलवार को मौसम साफ रहा। वैसे राज्य के ऊपरी इलाकों में ठंड का असर कम नहीं हुआ है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications