दिल्ली में स्वाइन फ्लू के मरीजों में 60 फीसदी बच्चे
नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के आठ नए मामले सामने आए। इन्हें मिलाकर दिल्ली में एच1एन1 वायरस से संक्रमितों की संख्या बढ़कर 9,570 हो गई है। इनमें करीब 60 फीसदी बच्चे शामिल हैं।
दिल्ली में स्वाइन फ्लू की सहायक नोडल अधिकारी अंजना प्रकाश ने आईएएनएस को बताया, "आज आठ नए मामले सामने आए हैं जिनमें पांच बच्चे शामिल हैं।"
इन पांच बच्चों को मिलाकर एच1एन1 वायरस से संक्रमित बच्चों की संख्या बढ़कर 5,330 हो गई है।
प्रकाश ने कहा, "हां, बच्चे ही इससे सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। लेकिन भाग्यवश सर्दी का मौसम होने के बावजूद भी स्वाइन फ्लू के मामलों में कमी आई है हालांकि सर्दी में यह संक्रमण और फैलता है।"
दिल्ली में स्वाइन फ्लू से मरने वालों की संख्या 86 पर ही स्थिर है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications