औद्योगिक उत्पादन में 11.7 प्रतिशत की वृद्धि (लीड-1)
नई दिल्ली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। मंगलवार को जारी हुए आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार नियमित घरेलू मांग की मदद से भारतीय औद्योगिक उत्पादन में नवंबर माह में अनुमान से अधिक 11.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। पिछले वर्ष इसी माह में औद्योगिक उत्पादन में 2.5 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी।
केंद्रीय सांख्यिकी संगठन (सीएसओ) द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मौजूदा वित्त वर्ष के प्रथम आठ महीनों के दौरान औद्योगिक उत्पादन में वृद्धि की दर 7.6 प्रतिशत रही। पिछले वर्ष इसी अवधि के दौरान वृद्धि दर 4.1 प्रतिशत थी।
नवंबर में विनिर्माण के क्षेत्र में 12.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई, पिछले वर्ष इसी महीने में इस क्षेत्र में 2.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। खनन क्षेत्र में 10 प्रतिशत और विद्युत उत्पादन में 3.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
आंकड़ों के अनुसार टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं के उत्पादन में 37.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई।
सरकार की ओर से एक बयान में कहा गया है, "पिछले वर्ष के नवंबर महीने की तुलना में इस वर्ष नवंबर महीने में 17 उद्योगों में से 14 ने सकारात्मक वृद्धि प्रदर्शित की है।"
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री आनंद शर्मा ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि औद्योगिक उत्पादन में आने वाले महीनों में वृद्धि होगी। उन्होंने कहा, "यह वृद्धि टिकाऊ रहेगी।"
योजना आयोग के उपाध्यक्ष मोंटेक सिंह अहलूवालियाने कहा कि मौजूदा वित्त वर्ष में देश की औद्योगिक वृद्धि पिछले वित्त वर्ष के 2.6 प्रतिशत से अधिक होगी।
अहलूवालिया ने यह भी कहा कि उन्हें रबी की अच्छी फसल की उम्मीद है। इससे महंगाई नीचे आएगी।
फेडरेशन ऑफ इंडियन चैंबर्स ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री (फिक्की) के अध्यक्ष हर्षपति सिंहानिया ने कहा कि वृद्धि के रुख ने राहत पैकेजों के सकारात्मक परिणामों का संकेत दिया है।
सिंहानिया ने कहा, "राहत पैकेज को अचानक वापस ले लेने से निश्चित रूप से यह वृद्धि दर प्रभावित होगी, लिहाजा इससे हर हाल में बचा जाना चाहिए।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications