गिरफ्तार 3 चीनी इंजीनियरों की तबियत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
रायपुर, 12 जनवरी (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ में पिछले वर्ष सितम्बर में बिजली संयत्र चिमनी के गिरने से हुई 41 लोगों की मौत के आरोप में गिरफ्तार तीन चीनी इंजीनियरों का स्वास्थ्य बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उल्लेखनीय है कि निर्माणाधीन चिमनी को 275 मीटर ऊंचा बनाने की योजना थी। लेकिन निर्माण के दौरान ही चिमनी गिर गई थी। विनिर्माण क्षेत्र की कंपनी गैनन डंकरले एंड कंपनी लि.(जीडीसीएल) ने 'शेंडांग बिजली निर्माण निगम' (सेप्को) से चिमनी निर्माण का आर्डर प्राप्त किया था।
तीनों इंजीनियर सेप्को में कार्यरत थे। रायपुर से 240 किमी दूर कोरबा में यह कंपनी 1,200 मेगावाट क्षमता की ताप बिजली परियोजना 'वेदान्ता' और 'भारत एल्यूमिनियम कंपनी'(बाल्को) के लिए बना रही थी।
पुलिस के अनुसार मंगलवार को तीनों चीनी इंजीनियरोंको कोरबा शहर के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कोरबा के पुलिस अधीक्षक रतनलाल डांगी ने आईएएनएस को बताया कि इंजीनियरों के स्वास्थ्य को लेकर शिकायत किए जाने पर मंगलवार को उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा उनकी आवश्यक निगरानी की जा रही है ।
शेंडांग के इंजीनियर वू चूनान और उसके दो साथियों पर हत्या के आरोप में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 के तहत मामला दर्ज है। उन्हें सोमवार को स्थानीय अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने उनकी जमानत याचिका को खारिज कर उन्हें पुन: जेल भेज दिया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications