मध्य प्रदेश में बड़े बकायादारों के नाम होर्डिंग पर छपेंगे
भोपाल, 12 जनवरी (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में सहकारी बैंकों के बड़े बकायादारों की फेहरिस्त काफी लम्बी है और तमाम कोशिशों के बावजूद सरकार ऐसे बकायादारों से वसूली नहीं कर पा रही है। इसके लिए सरकार ने अब एक नया तरीका ईजाद किया है।
प्रदेश के सहकारिता मंत्री गौरी शंकर बिसेन ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि वे वसूली के लिए सख्त रवैया अपनाए और जरूरत पड़ने पर शहर के प्रमुख चौराहों पर बड़े बकायादारों के नाम होर्डिंगों पर लिखे जाए।
प्रदेश के कमजोर सहकारी बैंकों को कैसे सशक्त बनाया जाए, इस पर विचार विमर्श के लिए बुलाई गई अधिकारियों की बैठक में बिसेन ने कहा कि रिजर्व बैंक के मापदंडों के मुताबिक प्रदेश के सभी सहकारी बैंकों को 2012 तक तैयार किया जाना है। इसके लिए जरूरी है कि घाटे में चल रहे बैंको को घाटे से उबारने के साथ ही सशक्त बनाया जाए।
बिसेन ने बैंक प्रबंधन को व्यावसायिक दृष्टिकोण अपनाने की नसीहत देते हुए कहा कि उन बड़े बकायादारों पर दबाव बढ़ाया जाए जो रकम दबाकर बैठ गए हैं और इसे लौटाने का नाम तक नहीं ले रहे हैं। ऐसे बकायादारों के नामों का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और जरूरत पड़ने पर उनके नाम प्रमुख चौराहों पर होर्डिंग पर लिखे जाएं।
सहकारिता मंत्री ने कमजोर बैंको के अध्यक्षों और मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ है, मगर असली मेहनत उन्हें ही करनी है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications