अफगानिस्तान में ड्रोन हमले में 16 तालिबानी ढेर
काबुल, 12 जनवरी (आईएएनएस)। दक्षिणी अफगानिस्तान में अमेरिका द्वारा चालक विहीन विमान 'ड्रोन' से किए गए हमले में कम से कम 16 तालिबानी आतंकवादियों की मौत हो गई है। नाटो के नेतृत्व वाले इंटरनेशनल सिक्युरिटी असिस्टेंस फोर्स (आईएसएएफ) ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
समाचार एजेंसी डीपीए के मुताबिक आईएसएएफ ने एक वक्तव्य में कहा है कि नाटो ने हेलमंद प्रांत में एक सुरक्षित स्थान के नजदीक सोमवार को मोर्टार और गोला बारूद का प्रयोग करने वाले आतंकवादियों के एक समूह को निशाना बनाया था।
वक्तव्य में कहा गया है कि एक मानव विहीन विमान से दागी गई मिसाइल से 13 आतंकवादियों की मौत हो गई। इस हमले में नाजद जिले में नागरिकों के मरने की कोई खबर नहीं है।
वक्तव्य में यह भी कहा गया है कि इसी प्रांत के नाद अली जिले में सोमवार को हुए एक अन्य ड्रोन हमले में तीन आतंकवादी ढेर हुए थे।
सोमवार के ही दिन हेरात के पश्चिमी प्रांत में अफगान और अंतर्राष्ट्रीय सेना ने अज्ञात संख्या में आतंकवादियों को मार गिराया था।
अफगान संघर्ष के दौरान जनवरी में अब तक नाटो के 14 सैनिकों की मौत हो गई है। इन सैनिकों में कम से कम 10 अमेरिकी जवान शामिल हैं। पिछले वर्ष अफगानिस्तान में 520 अंतर्राष्ट्रीय सैनिक मारे गए थे। इनमें अमेरिका के 317 जवान शामिल हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications