अर्थव्यवस्था में सुधार के मद्देनजर इंफोसिस ने तय किए नए मानक (लीड-2)
मैसूर, 12 जनवरी (आईएएनएस)। वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार के संकेत से उत्साहित देश के आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनी इंफोसिस टेक्न ोलॉजीज लिमिटेड ने वित्त वर्ष 2009-10 के लिए अपने राजस्व में बढ़ोतरी के नए मानक घोषित किए हैं।
कंपनी ने मंगलवार को मौजूदा वित्त वर्ष के लिए 22,500 करोड़ रुपये की कुल आमदनी का लक्ष्य निर्धारित किया है और भारतीय लेखा मानक के अनुसार वार्षिक आधार पर 3.7 प्रतिशत औसत वृद्धि का अनुमान लगाया है।
इंफोसिस के मुख्य कार्यकारी एस.गोपालकृष्णन ने एक बयान में यहां कहा, "लगता है कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार अमेरिका और वित्तीय सेवाओं के नेतृत्व में होगा।"
तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर) के प्रारंभ में कंपनी की ओर से कहा गया था कि उसका वार्षिक राजस्व भारतीय लेखा मानक के अनुसार 22,000 करोड़ तक होगा।
अंतर्राष्ट्रीय वित्तीय नियामक प्रणाली (आईएफआरएस) के तहत वित्त वर्ष 2010 के लिए 4.75 अरब डॉलर के राजस्व का अनुमान लगाया गया है। जबकि इसी अवधि के लिए इसके पहले 4.6 अरब डॉलर राजस्व का अनुमान लगाया गया था।
गोपालकृष्णन ने कहा, "वैश्विक अर्थव्यवस्था में सुधार से विदेशों में आउटसोर्सिग के अवसर पैदा होने से लाभ की उम्मीद है।"
आर्थिक मंदी की समाप्ति के संकेत को देखते हुए कंपनी ने वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही में अधिक भर्तियां भी की है।
तीसरी तिमाही में इंफोसिस ने 4,429 भर्तियां की। इस वित्तीय वर्ष की दूसरी तिमाही में इंफोसिस ने 1,548 और पिछले वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही में 2,772 भर्तियां की थीं।
कंपनी के बोर्ड सदस्य तथा मानव संसाधन एवं शिक्षा और विकास के अध्यक्ष टी.वी.मोहनदास पई ने एक बयान में कहा, "हमारी रणनीति मंदी के दौरान प्रशिक्षण पर निवेश बढ़ाने की है, इससे मंदी छंटते ही हम तेज वृद्धि हासिल करने में सक्षम होंगे।"
नई भर्तियों के कारण कंपनी के कर्मचारियों की संख्या तीसरी तिमाही के अंत तक 109,882 हो गई। दूसरी तिमाही में कर्मचारियों की संख्या 105,4333 थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications