पहाड़ियों के बीच दिखेगा सहस्राब्दी का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण
शिमला, 12 जनवरी (आईएएनएस)। यदि आप सहस्राब्दी का सबसे लंबा सूर्य ग्रहण देखना चाहते हैं और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में छाई धुंध आपको निराश कर रही है तो आप हिमाचल प्रदेश में यह दुर्लभ सूर्य ग्रहण देख सकते हैं।
प्रसिद्ध पर्यटन क्षेत्रों शिमला, कसौली, नरकंडा, धर्मशाला, मैक्लोडगंज, चंबा, डलहौजी और मनाली में स्वच्छ आकाश में यह सूर्य ग्रहण स्पष्ट देखा जा सकेगा।
सहस्राब्दी का सबसे लंबा और कुंडलाकार सूर्य ग्रहण भारत में 15 जनवरी को सुबह 11 बजे से 12.30 बजे के बीच दिखना शुरू हो जाएगा और यह शाम तीन से 3.30 बजे के बीच समाप्त होगा।
उत्तरी भारत सहित देश के ज्यादातर इलाकों में आंशिक सूर्य ग्रहण देखा जा सकेगा।
शिमला स्थित मौसम विज्ञान कार्यालय के मुताबिक पूरे पहाड़ी राज्य में 15 जनवरी के दिन मौसम शुष्क रहेगा।
मौसम विज्ञान कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह कहते हैं, "मंगलवार और बुधवार तक इस क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण वर्षा और हिमपात होने की संभावना है। इन दो दिनों के बाद मौसम मुख्य रूप से साफ रहेगा।"
उन्होंने कहा कि शुक्रवार के दिन राज्यभर में धूपभरा दिन होगा।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की मध्यम और ऊंची पहाड़ियों पर अत्यधिक सर्दी न होने के कारण यह राज्य इस खगोलीय घटना को देखने के लिए सबसे अच्छा क्षेत्र होगा।
पश्चिम व दक्षिण भारत में सूर्य ग्रहण सुबह 11 से 11.30 बजे के बीच शुरू होगा जबकि मध्य भारत व उत्तरी इलाकों में सुबह 11.30 से दोपहर 12 बजे तक इसे देखा जा सकेगा।
सूर्य ग्रहण सबसे पहले तमिलनाडू के कन्याकुमारी में और फिर रामेश्वरम और धनुषकोडी में दिखेगा। इसके बाद इसे बंगाल की खाड़ी से होते हुए पूर्वोत्तर के मिजोरम में देखा जा सकेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications