टीआरएस तेज करेगी तेलंगाना आन्दोलन
हैदराबाद, 12 जनवरी (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और अन्य केंद्रीय नेताओं से हुई बातचीत से उत्साहजनक संकेत न मिलने से निराश होकर तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) ने अलग राज्य को लेकर अपना आन्दोलन तेज करने का फैसला किया है।
टीआरएस प्रमुख के.चंद्रशेखर राव ने मंगलवार को यह घोषणा की। गौरतलब है कि पिछले सप्ताह चंद्रशेखर राव मनमोहन सिंह सहित अन्य केंद्रीय नेताओं से मिले थे।
पार्टी के विधायकों द्वारा अपने इस्तीफे मंजूर कराने के लिए दबाव बनाना भी इसी रणनीति का एक हिस्सा है।
राव ने पत्रकारों से कहा कि पार्टी ने 18 जनवरी को विधानसभा अध्यक्ष किरण कुमार रेड्डी के समक्ष विधायकों के इस्तीफे मंजूर करने के बारे में पूछने का फैसला किया है ।
पिछले महीने टीआरएस के 10 विधायकों सहित अन्य पार्टियों के 66 विधायकों ने विधानसभा अध्यक्ष को अपने इस्तीफेा सौंप दिए थे, जिससे केंद्र सरकार पर अलग तेलंगाना राज्य बनाने की प्रक्रिया शुरू करने का दबाव बढ़ गया था।
उन्होंने कहा कि आन्दोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि आंध्र प्रदेश से अलग तेलंगाना राज्य नहीं बन जाता। राव ने तेलंगाना राज्य के मसले पर समर्थन जुटाने के लिए तेलंगान क्षेत्र के सभी जिलों में घूमने की घोषणा की है।
पार्टी ने युवाओं से आत्महत्या का प्रयास न करने का अनुरोध भी किया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications