उत्तर भारत में शीतलहर जारी (लीड-1)
पिछले 24 घंटे में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ का अधिकतम तापमान शिमला से भी कम दर्ज किया गया। लखनऊ के अलावा राज्य के दूसरे शहरों में भी अधिकतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। कानपुर का अधिकतम तापमान 10.9, बरेली का 10.1 और झांसी का 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। लखनऊ में मंगलवार सुबह भी कोहरा छाया रहा।
पंजाब, हरियाणा और चण्डीगढ़ में भी शीतलहर का प्रकोप जारी रहा। अमृतसर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 2.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
पटियाला और लुधियाना में न्यूनतम तापमान क्रमश: 6.2 और 5.8 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। चण्डीगढ़ में भी सर्द मौसम का कहर जारी है। यहां अधिकतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। हरियाणा के अंबाला, हिसार और करनाल शहरों में न्यूनतम तापमान क्रमश: 4.7, छह और 6.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
बिहार में भी सर्द हवा थमने का नाम नहीं ले रही है। पटना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान में थोड़ी वृद्धि हुई लेकिन सर्द हवाओं के कारण लोगों को सर्दी से राहत नहीं मिल पाई। पटना में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 7़ 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सोमवार की तुलना में करीब दो डिग्री ज्यादा है। मंगलवार को राज्य का सबसे ठंडा स्थान गया जिला रहा जहां न्यूनतम तापमान 5़ 6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इसके अलावा भागलपुर का न्यूनतम तापमान नौ डिग्री तथा पूर्णिया का न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इधर, दिल्ली में दिन का तापमान 14.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो सामान्य से चार डिग्री नीचे है। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मंगलवार को कोहरा नहीं था। इस वजह से हवाई यातायात पर कोई असर नहीं पड़ा।
श्रीनगर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। वहीं लेह का न्यूनतम तापमान शून्य से 22 डिग्री एवं कारगिल का शून्य से 16.4 नीचे तापमान दर्ज किया गया। श्रीगनर में सोमवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने घाटी में अभी कुछ दिन और इसी प्रकार के सर्दी के बरकरार रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश में सोमवार की तुलना में मंगलवार को मौसम साफ रहा। वैसे राज्य के ऊपरी इलाकों में ठंड का असर कम नहीं हुआ है। कई इलाकों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। शिमला में न्यूनतम तापमान 6.3 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications