मनाली में इस साल भी नहीं हो सकी स्कीईंग
मनाली, 12 जनवरी (आईएएनएस)। रोमांच की तलाश में मनाली का रुख करने वाले पर्यटकों को इस बार भी यहां निराशा ही मिली है। यहां के स्की रिजॉर्ट में बर्फ की चादर के अभाव में स्कीईंग का मजा ले पाना संभव नहीं है।
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली की प्रसिद्ध सोलांग स्की ढलाने लगातार दूसरे साल भी बर्फ की चादर से महरूम हैं।
मनाली में सरकार द्वारा संचालित 'अटल बिहारी वाजपेयी इंस्टीट्यूट ऑफ माउंटेनीरिंग एंड एलीड स्पोर्ट्स' के उप निदेशक महावीर ठाकुर ने आईएएनएस से कहा, "जलवायु में परिवर्तन चिंता का विषय है। पूरी ढलानों पर कहीं भी बर्फ नहीं है। इस साल भी बर्फ विहीन ढलानों ने रोमांचक खेलों को पसंद करने वाले लोगों को निराश किया है।"
उन्होंने कहा कि पश्चिमी हिमालय की इन ढलानों पर इस समय सामान्यत: तीन से चार फीट ऊंची बर्फ की चादर होती है।
ठाकुर ने कहा, "पिछला वर्ष (2008-09) भी अल्प और अनिश्चित हिमपात की वजह से ढलानों पर बर्फ न होने से मौसम स्कीईंग के लिए खराब रहा था। इस पूरे मौसम में औसत तापमान बहुत अधिक रहने की वजह से बर्फ कुछ ही घंटों में पिघल जाती थी। इस साल भी उसी तरह की स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है।"
शिमला के मौसम विज्ञान कार्यालय के मुताबिक सोलांग की स्की ढलानों पर अब तक न के बराबर हिमपात हुआ है।
मौसम विज्ञान कार्यालय के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा, "सोलांग ढलानों पर अब तक केवल 15 इंच हिमपात हुआ है और उच्च तापमान की वजह से यहां जमा हुई बर्फ कुछ ही घंटों में पिघल गई।"
इन ढलानों पर पिछले साल नौ नवंबर को और इस साल चार जनवरी को हल्का हिमपात हुआ था।
सिंह ने कहा, "राज्यभर में सुहाने दिनों और रात का अपेक्षाकृत बढ़ा हुआ तापमान कम हिमपात के लिए जिम्मेदार है।"
स्कीईंग के शौकीन अब जम्मू एवं कश्मीर के गुलमर्ग का रुख कर रहे हैं। वहां अच्छी बर्फबारी के कारण स्कीईंग की अच्छी संभावनाएं हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications