टेलीविजन पर बिखरेगा सारा पालिन का 'ग्लैमर' (लीड-1)
अमेरिका में उप राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार रहीं पालिन चंद महीने पहले तक अलास्का प्रांत की गवर्नर थीं। उन्होंने अपना कार्यकाल खत्म होने से 17 महीने पहले ही पद से इस्तीफा दे दिया था। अब उन्होंने फॉक्स न्यूज के साथ कई वर्षो के लिए करार किया है। करार की राशि के बारे में कोई ब्यौरा नहीं दिया गया है हालांकि अमेरिकी मीडिया का कहना है कि पालिन को अपने साथ जोड़ने के लिए चैनल लाखों डॉलर की राशि देने पर सहमत हुआ है।
'फॉक्स न्यूज' के मुताबिक करार के तहत पालिन चैनल के साथ नियमित रूप से काम नहीं करेंगी बल्कि वह कुछ विशेष अवसरों पर दर्शकों से मुखातिब होंगी। चैनल की ओर से कहा गया है कि पालिन विशेष राजनीति घटनाक्रमों पर अपनी बेबाक राय देंगी। इसके अलावा वह अन्य अहम मौकों पर भी टीवी स्टूडियो में नजर आएंगी।
चैनल के साथ जुड़ने पर पालिन ने कहा, "मैं फॉक्स न्यूज के प्रतिभाशाली लोगों और बेहतरीन प्रबंधन के साथ जुड़कर बहुत उत्साहित हूं। उस संस्था से जुड़ना बेहतरीन बात है जो संतुलित और अच्छी खबरों की पक्षधर है।"
माना जा रहा है कि चैनल पालिन को जोड़कर खुद की टीआरपी में उछाल लाने की आस लगाए बैठा है। वैसे चैनल की यह आस वाजिब भी है क्योंकि पालिन अमेरिकी सियासत का ऐसा चर्चित नाम है जिसमेंग्लैमर का अंश भी जुड़ा है। वैसे पालिन की लोकप्रियता का अंदाजा कुछ दिनों पहले ही लगा था कि जब उनकी किताब 'गोइंग रफ-एन अमेरिकन लाइफ' को लोगों ने हाथों-हाथ लिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications