नस्लीय टिप्पणी करने वाले सीनेटर को ओबामा ने 'दोस्त' बताया
वाशिंगटन, 12 जनवरी (आईएएनएस)। अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने उस सीनेटर को अपना दोस्त और एक अच्छा इंसान बताया है जिसने दो साल पहले उनके खिलाफ नस्लीय टिप्पणी की थी।
सीनेटर हैरी रीड ने वर्ष 2008 में ओबामा को 'निखरी त्वाचा वाला और निग्रो संस्कृति से कट चुका' शख्स बताया था। रीड ने सोमवार को आई अपनी किताब में यह माना है, "उस वक्त मैं शब्दों का सही चयन कर सकता था।" रीड की इस टिप्पणी के लिए उनकी आलोचना हुई थी।
रीड की नई पुस्तक 'गेम चेंज' सोमवार को ब्रिकी के लिए रिलीज कर दी गई। इस पुस्तक में उन्होंने लिखा है, "मुझे यह लगता था कि राष्ट्रपति चुनाव लड़ते समय ओबामा को तकलीफ झेलने की बजाय लोगों का सहयोग मिलेगा।"
ओबामा ने सोमवार को टेलीविजन चैनल 'टीवी वन' के साथ बातचीत में कहा, "रीड ने माफी मांग ली थी। उन्होंने माना कि उनके ओर से सही शब्दों को इस्तेमाल नहीं हुआ था।" उल्लेखनीय है कि रीड ओबामा के महत्वाकांक्षी स्वास्थ्य सुधार विधेयक के जोरदार समर्थक हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, "रीड हमेशा ही सही रास्ते पर रहे हैं। उन्होंने उस वक्त मेरी प्रशंसा करने के लिए इन शब्दों का इस्तेमाल किया था। परंतु लोगों ने इसका दूसरा मतलब निकाल लिया।"
रीड को अपना दोस्त बताते हुए ओबामा ने कहा, "आज अमेरिका में श्वेत या अश्वेत, किसी को भी इस बात की चिंता नहीं है कि रीड ने मेरे बारे में क्या कहा था बल्कि सभी अमेरिका को आगे लेकर जाना चाहते हैं। हम सभी लोगों को उसी दिशा में अपना ध्यान लगाने की जरूरत है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications