हिरासत में मौत के बाद पुलिस अधीक्षक का तबादला
रांची, 9 जनवरी (आईएएनएस)। पुलिस हिरासत में मौत के दोषियों का कथित तौर पर बचाव करने पर झारखण्ड के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी का तबादला कर दिया गया है।
राज्य सरकार के अधिकारियों ने बताया कि पलामू के पुलिस अधीक्षक (एसपी) जतिन नरवाल का शुक्रवार रात तबादला कर उन्हें रांची में विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का एसपी नियुक्त कर दिया गया है।
पुलिस ने पलामू जिले के तेलारी गांव से 30 दिसम्बर को राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया था। अगले दिन रहस्यमय परिस्थितियों में उसकी मौत हो गई थी।
झारखण्ड के मुख्यमंत्री शिबू सोरने ने एक जनवरी को घटना की जांच के आदेश दिए थे। सरकार द्वारा संचालित पलामू सरदार अस्पताल में हुए पहले पोस्टमॉर्टम में पुलिस को क्लीन चिट दे दी गई थी।
यद्यपि पोस्टमॉर्टम की दूसरी रिपोर्ट में यादव के शरीर पर चोट के निशान मिलने की बात कही गई थी। यहां राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडीकल साइंसेज (आरआईएमएस) में चार जनवरी को शव का परीक्षण किया गया था। अधिकारियों के मुताबिक दूसरी रिपोर्ट के आधार पर पांच जनवरी को अज्ञात पुलिसकर्मियों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई थी।
राज्य सरकार द्वारा गठित जांच दल ने इस मामले में नरवाल की भूमिका जानना चाही थी। जांच दल का आरोप था कि नरवाल दोषी पुलिसकर्मी का बचाव करने की कोशिश कर रहे थे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications