आस्ट्रेलिया में भारतीय युवक को जलाने की कोशिश
आस्ट्रेलियाई समाचार पत्र 'द एज' के अनुसार मेलबर्न के पश्चिमोत्तर इलाके एसेनडन में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे चार लोगों ने 29 वर्षीय भारतीय युवक पर हमला कर दिया और फिर उसे जलाने का प्रयास किया। इस घटना में भारतीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
भारतीय युवक 15 फीसदी जल गया, उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय हुई जब भारतीय युवक अपनी पत्नी के साथ कार से घर लौट रहा था।
पत्नी को कार से उतारकर जब वह गाड़ी पार्क कर रहा था तभी चार लोगों ने उस पर हमला कर दिया और फिर उस पर कोई तरल पदार्थ डालकर आग लगा दी। इसके बाद सभी भाग गए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से सहायता की अपील की है।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय लोगों पर हमले की घटनाएं फिर से तेज हो गई हैं। गत शनिवार की रात मेलबर्न में भारतीय छात्र नितिन गर्ग पर हमला कर दिया गया था, जिसके बाद उसकी मौत हो गई थी।
मूल रूप से पंजाब का रहने वाला 21 वर्षीय गर्ग वेस्ट फुटक्राई स्थित एक रेस्तरां में काम करता था। जब वह काम पर जा रहा था, तभी उसे चाकू घोंप दिया गया। वह लड़खड़ाता हुआ हंगरी जैक्स रेस्तरां तक पहुंचा और मदद के लिए गुहार लगाने के बाद अचेत हो गया। उसे रॉयल मेलबर्न अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*












Click it and Unblock the Notifications