मेलबर्न में भारतीय को जलाने कोशिश (राउंडअप)
भारतीयों पर लगातार हो रहे हमलों को भारत सरकार ने पीड़ादायक बताया है। सरकार ने आस्ट्रेलिया से मांग की है कि वह इस तरह की आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करे।
प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री व्यालार रवि ने यहां संवाददाताओं से कहा, "हमें पता चला है कि आस्ट्रेलिया में एक और हमला हुआ है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि जिस तरह से उन्होंने वादे किए थे, उस तरह से स्थितियों में सुधार नहीं हो रहा है। यह हम सभी के लिए बहुत पीड़ादायक है।"
रवि ने भारतीय प्रवासियों के आठवें वार्षिक सम्मेलन के मौके पर यहां कहा, "मैं स्पष्ट तौर पर कहना चाहता हूं कि आस्ट्रेलिया सरकार को इन घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए।"
भारतीय छात्रों पर लगातार हो रहे हमलों पर सख्त नाराजगी जताते हुए रवि ने आस्ट्रेलियाई अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई करने और बेहतर परिणाम प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
दूसरी ओर आस्ट्रेलिया सरकार ने इस ताजा हमले की निंदा तो की है, लेकिन इसे नस्लीय हमला मानने से इंकार कर दिया है।
'एबीसी न्यूज' के अनुसार मेलबर्न के पश्चिमोत्तर इलाके एसेनडन में शुक्रवार देर रात करीब दो बजे चार लोगों ने 29 वर्षीय जसप्रीत सिंह पर हमला कर दिया और उसे जलाने का प्रयास किया।
इस घटना में भारतीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक के शरीर का लगभग 20 फीसदी हिस्सा जल गया है। उसे अल्फ्रेड हॉस्पीटल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
पुलिस के अनुसार यह घटना उस समय घटी, जब वह युवक अपनी पत्नी के साथ कार से घर लौट रहा था। पत्नी को कार से उतारकर जैसे ही उसने गाड़ी पार्क करना शुरू किया, चार लोगों ने उस पर हमला बोल दिया। उन्होंने उस पर कोई तरल पदार्थ डालकर आग लगा दी। इसके बाद सभी वहां से भाग गए।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने लोगों से जांच में मदद की अपील की है।
कार्यवाहक प्रधानमंत्री जूलिया गिलार्ड ने हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा, "सरकार बिना किसी मकसद वाले ऐसे हमले की कड़े शब्दों में निंदा करती है। विक्टोरिया पुलिस मामले की जांच कर रही है।"
एक अन्य समाचार पत्र 'हेराल्ड सन' ने जांच अधिकारी सार्जेट नील स्मिथ के हवाले से कहा है कि युवक को आग लगाने की घटना नस्लीय भेदभाव से संबंधित नहीं है। स्मिथ ने कहा, "यह एक असमान्य घटना है और इसे नस्लीय भेदभाव से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए।"
विक्टोरिया के मंत्री पीटर बेचलर ने कहा कि वह इस हमले की निंदा करते हैं। उन्होंने कहा, "यह चाहे नस्लीय हो या कुछ और, हम इसका विरोध करते हैं।"
पुलिस का कहना है कि सिंह भारतीय मूल के हैं, लेकिन अभी यह पता नहीं चला है कि वह आस्ट्रेलियाई नागरिक हैं या नहीं। सिंह के दोस्तों के अनुसार वह अपनी पत्नी के वीजा पर यहां रह रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि आस्ट्रेलिया में भारतीय लोगों पर हमले की घटनाएं फिर से बढ़ गई हैं। गत शनिवार की रात भारतीय छात्र नितिन गर्ग पर भी मेलबर्न में हमला किया गया था। हमले में उसकी मौत हो गई थी।
मूल रूप से पंजाब निवासी 21 वर्षीय गर्ग वेस्ट फुटक्राई स्थित एक रेस्तरां में काम करता था। काम पर जाते समय रास्ते में उसे चाकू घोंप दिया गया। उसे रॉयल मेलबर्न अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई।
गर्ग का शव शनिवार को नई दिल्ली पहुंचा। केंद्र सरकार ने पीड़ित परिवार के लिए ढाई लाख रुपये अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
नई दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विदेश मंत्रालय का एक अधिकारी मौजूद था जिसने गर्ग के शव को उनके परिजनों को सौंप दिया। गर्ग पंजाब में लुधियाना के जगरांव का निवासी है। वहीं पर रविवार को उसका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications