'मुशर्रफ ने ढाका में की थी उल्फा नेता से मुलाकात'
मंत्री के अनुसार युनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के नेता अनूप चेतिया और मुशर्रफ की इस कथित मुलाकात को तत्कालीन प्रधानमंत्री खालिदा जिया की सरकार ने कराई थी। यह मुलाकात जुलाई 2002 में मुशर्रफ के होटल के कमरे में हुई थी।
स्थानीय सरकार में मंत्री सैयद अशरफुल इस्लाम ने बांग्लादेश और भारत के बीच द्विपक्षीय संबंधों पर आयोजित एक गोलमेज बैठक के दौरान कहा कि दोनों की यह मुलाकात 90 मिनट तक चली थी। इस्लाम सत्ताधारी अवामी लीग के महासचिव भी हैं।
इस्लाम के इस आरोप पर खालिदा जिया की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन खालिदा की बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के महासचिव खांडेकर दिलावर हुसैन ने इस आरोप को गैरजिम्मेदार बताया है।
मंत्री ने आगे कहा है, "परवेज मुशर्रफ और गिरफ्तार उल्फा नेता अनूप चेतिया के बीच डेढ़ घंटे तक बातचीत हुई। उन दिनों देश में बीएनपी और जमात-ए-इस्लामी की सरकार थी।"
बीडीन्यूज24 की वेबसाइट पर इस्लाम के हवाले से कहा गया है, "आप कल्पना कर सकते हैं कि इतने लंबे समय तक दोनों के बीच क्या बातचीत हुई होगी।"
उल्फा का महासचिव चेतिया 1998 में अपनी गिरफ्तारी के बाद से ही बांग्लादेश की एक जेल में कैद है।
उसे फर्जी दस्तावेजों के जरिए यात्रा करने के आरोप में चार वर्ष के कारावास की सजा दी गई थी। लेकिन प्रत्यर्पण संधि के अभाव में उसे भारत को नहीं सौंपा जा सका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications