ज्योति बसु की हालत गंभीर (राउंडअप)
कोलकाता के साल्टलेक स्थित एमआरआई अस्पताल में 95 वर्षीय बसु को एक जनवरी को भर्ती करवाया गया था। एमआरआई द्वारा जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया है कि बसु की हालत बिगड़ गई है और वह लगभग अचेतावस्था में चले गए हैं।
चिकित्सकों के अनुसार बसु को फिलहाल आंशिक जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है। शनिवार शाम को जारी स्वास्थ्य बुलेटिन में कहा गया कि बसु की हालत में कोई परिवर्तन नहीं हुआ है। एक बार फिर उनकी चिकित्सकीय जांच की जाएगी।
अस्पताल के कार्यकारी निदेशक डी.एन.अग्रवाल ने कहा कि बसु की स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि बसु का अभी डायलिसिस नहीं किया गया है लेकिन जरूरत पड़ी तो चिकित्सक इस बारे में फैसला करेंगे।
अग्रवाल ने कहा आठ चिकित्सकों का मेडिकल बोर्ड बसु की हालत पर लगातार नजर बनाए हुए है और वे देश के प्रमुख चिकित्सा संस्थान अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विशेषज्ञों के संपर्क में हैं। जब भी जरूरत होती है हम संबंधित डाक्टर से ईमेल और फोन के जरिये संपर्क कर सकते हैं।
उनकी देखरेख कर रहे एक चिकित्सक ने आईएएनएस से कहा है कि उनकी हृदयगति अनियमित हो रही है और उन्हें तरल भोजन दिया गया है।
शनिवार को बसु का हाल जानने आए लोगों में माकपा के प्रदेश महासचिव बिमान बोस, मुख्यमंत्री बुद्धदेब भट्टाचार्य और पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सोमनाथ चटर्जी शामिल रहे।
उत्तर 24 परगना के बरासात में वाम मोर्चा की एक रैली को संबोधित करते हुए बुद्धदेब भट्टाचार्य ने कहा कि बसु की हालत गंभीर है। हम सभी चाहते हैं कि वे जल्द स्वस्थ होकर घर लौटें।
शुक्रवार सुबह बसु से मुलाकात करने आए पूर्व प्रधानमंत्री देवगौड़ा आए थे। बसु से मिलने के बाद उन्होंने ने कहा था कि एक चिकित्सक ने बसु को नींद से जगाने का प्रयास किया था और उन्होंने अपना हाथ उठाया लेकिन आंखें नहीं खोली। इससे पहले गुरुवार को उनका हालचाल पूछने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह भी कोलकाता आए थे।
प्रधानमंत्री की पेशकश के बाद शुक्रवार को निजी अस्पताल ने दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के विशेषज्ञ चिकित्सकों से राय लेने का फैसला किया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications