पाकिस्तानी सीमा से भारत में रॉकेट दागे गए, कोई हताहत नहीं (लीड-1)
अमृतसर, 9 जनवरी (आईएएनएस)। पाकिस्तान के संदिग्ध आतंकवादियों के पंजाब के अमृतसर जिले में सात रॉकेट दागे लेकिन इन हमलों में कोई हताहत नहीं हुआ। इसके बाद सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने मशीनगनों और स्वचालित हथियारों से जवाबी गोलीबारी की।
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों ने शनिवार को कहा कि ये रॉकेट शनिवार सुबह अटारी सेक्टर के कनगढ़ चौकी के एक खेत में पाए गए।
शनिवार सुबह दो और तीन बजे के बीच रॉकेट विस्फोटों की आवाज सुने जाने के बाद बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी गोलीबारी की।
पंजाब फ्रंटियर के पुलिस महानिरीक्षक हिम्मत सिंह ने कहा कि पांच रॉकेट एक गांव और दो रॉकेट एक बीएसएफ चौकी के समीप गिरे। इसके बावजूद हमले में कोई हताहत नहीं हुआ।
सिंह ने कहा कि बीएसएफ जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। बीएसफ स्रोतों ने कहा कि घने कोहरे के कारण इस बात का पता लगाने में बाधा आई कि ऐसे ही और रॉकेट तो नहीं गिरे हैं।
बीएसएफ के अधिकारियों ने पाकिस्तानी रेंजरों से बात की और इस घटना पर कड़ा विरोध जताया। पाकिस्तानी अधिकारियों ने अपनी सीमा से रॉकेट दागे जाने से इंकार किया।
पाकिस्तान स्थित संदिग्ध आतंकवादियों के भारतीय सीमा में रॉकेट हमलों की यह तीसरी घटना है। पहले की दो घटनाएं जुलाई और सितम्बर महीने में हुईं थीं।
पिछले वर्ष मार्च में तालिबान और अलकायदा ने लाहौर शहर के बाहरी हिस्से में स्थित एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हमला करके 20 पुलिसकर्मियों की हत्या और 150 अन्य को घायल कर दिया था। यह जगह भारतीय सीमा से केवल 12 किलोमीटर दूर है। इसके बाद आतंकवादियों के भारतीय सीमा के समीप पहुंचने की आशंकाएं बढ़ गईं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications