सीमा पर अशांति व घुसपैठ की कोशिशों को बीएसएफ ने किया नाकाम (राउंडअप)
तनाव पैदा करने की पहली घटना रविवार की रात 12 बजे व एक बजे के बीच सीमा से सटे पंजाब के अमृतसर जिले में घटी। पाकिस्तानी सीमा की ओर से संदिग्ध आतंकियों द्वारा इस क्षेत्र में सात रॉकेट दागे गए। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने भी मोर्टार, मध्यम दर्जे के मशीनगनों और स्वचालित हथियारों से जवाबी गोलीबारी की।
दूसरी घटना जम्मू एवं कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा से सटे अखनूर के निकट शनिवार तड़के घटी। पाकिस्तानी आतंकियों ने वहां भारतीय सीमा में घुसपैठ की कोशिश की, जिसे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने नाकाम कर दिया।
पंजाब में राकेट दागने की घटना पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि ये रॉकेट शनिवार सुबह अटारी सेक्टर के कनगढ़ चौकी के एक खेत में पाए गए।
पंजाब फ्रंटियर के पुलिस महानिरीक्षक हिम्मत सिंह ने कहा कि पांच रॉकेट एक गांव में और दो रॉकेट बीएसएफ की एक चौकी के समीप गिरे। इसके बावजूद हमले में कोई हताहत नहीं हुआ है।
सिंह ने कहा कि बीएसएफ के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। बीएसफ सूत्रों ने कहा कि घने कोहरे के कारण इस बात का पता फिलहाल नहीं लगाया जा सका कि और भी रॉकेट तो नहीं गिरे हैं।
बीएसएफ के अधिकारियों ने पाकिस्तानी रेंजरों से इस मुद्दे पर बात की और इस घटना पर कड़ा विरोध जताया। पाकिस्तानी अधिकारियों ने अपनी सीमा से रॉकेट दागे जाने से इंकार किया है।
संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा भारतीय सीमा में रॉकेट हमलों की यह तीसरी घटना है। इसके पहले की दो घटनाएं जुलाई और सितम्बर महीने में घटी थीं।
पिछले वर्ष मार्च में तालिबान और अलकायदा ने लाहौर शहर के बाहरी हिस्से में स्थित एक पुलिस प्रशिक्षण केंद्र पर हमला करके 20 पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी और 150 अन्य को घायल कर दिया था। यह जगह भारतीय सीमा से केवल 12 किलोमीटर दूर है। इसके बाद आतंकवादियों के भारतीय सीमा के समीप पहुंचने की आशंकाएं बढ़ गईं।
इसी कड़ी में आतंकियों ने शनिवार को कश्मीर में भारतीय सीमा में घुसपैठ करने की कोशिश की।
बीएसएफ सूत्रों ने बताया कि आतंकवादियों के एक गुट ने पाकिस्तान की ओर से परगवाल सेक्टर में दाखिल होने की कोशिश की। आतंकवादियों की घुसपैठ में मदद करने के लिए सीमा पर गोलीबारी भी की गई।
बीएसएफ के सूत्र ने बताया कि भारतीय पक्ष की ओर से भी जवाबी कार्रवाई की गई। वे लोग वापस पाकिस्तान की ओर भाग गए।
सूत्र ने बताया, "आतंकवादियों ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर घने कोहरे की स्थिति का लाभ उठाया।"
नया साल शुरू होने के बाद सीमा पार से घुसपैठ की यह तीसरी कोशिश है। शुक्रवार को पुंछ जिले के मेंढर के बलकोट सेक्टर में आतंकवादियों ने भारतीय क्षेत्र में दाखिल होने की कोशिश की थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications