प्रवासी भारतीय दिवस : मूपेन समूह स्वास्थ्य क्षेत्र में करेगा 200 करोड़ डॉलर का निवेश
नई दिल्ली, 9 जनवरी (आईएएनएस)। खाड़ी क्षेत्र के स्वास्थ्य सेवा व्यवसायी, आजाद मूपेन ने भारत में अस्पतालों और नेत्रालयों की स्थापना के लिए 10 अरब (200 करोड़ डॉलर) रुपये से अधिक निवेश की योजना तैयार की है। देश के जिन क्षेत्रों में वह निवेश कर रहे हैं, उनमें उनका गृह राज्य केरल भी शामिल है।
दुबई स्थित डॉ.मूपेन समूह और कोझीकोड स्थित मालबार इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेस के अध्यक्ष मूपेन ने कहा है, "भारत में बड़ा अवसर है। अगले 25 वर्षो के भीतर भारत एक प्रमुख ताकत बन जाएगा।"
मूपेन यहां प्रवासी भारतीय दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सम्मेलन में हिस्सा लेने आए हुए हैं। उन्होंने आईएएनएस के साथ एक साक्षात्कार में कहा, "हमने कोच्चि में 40 एकड़ क्षेत्र में पहले ही मेडिसिटी परियोजना शुरू कर दी है। यह 500 करोड़ रुपये की परियोजना है। यह तीन वर्षो में पूरी हो जाएगी।"
मूपेन ने कहा कि अपने देश के लिए वह जो कुछ कर सकते हैं, उसमें निवेश उनके लिए सबसे सर्वोत्तम काम है। प्राथमिक स्वास्थ्य को छोड़ कर बाकी चिकित्सा के हर क्षेत्र में निवेश की उनकी योजना है।
मूपेन ने कहा, "खाड़ी क्षेत्र में हम प्राथमिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में काम कर रहे हैं।" मूपेन ने कोझीकोड स्थित गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज से सामान्य चिकित्सा में डिग्री हासिल की है और दिल्ली विश्वविद्यालय से वर्ष 1982 में छाती चिकित्सा में एक वर्ष का कोर्स किया है।
उसके बाद मूपेन ने पांच वर्षो तक कोझीकोड में अध्यापन कार्य किया। वर्ष 1987 में वह खाड़ी चले गए। आज उनका डीएम समूह गल्फ कॉरपोरेशन काउंसिल (जीसीसी) से संबद्ध चार देशों में अपना करोबार संचालित कर रहा है। अब यह समूह भारत के अलावा सऊदी अरब में भी अपना कारोबार फैलाने की योजना बना रहा है।
मूपेन ने भारत के लिए अपनी योजनाओं के बारे में बताया, "दो महीने के भीतर नोएडा और फरीदाबाद में दो नेत्र चिकित्सालय स्थापित कर दिए जाएंगे। हम कोल्हापुर, पुणे और बेंगलुरू में भी निवेश कर रहे हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications