भारतीयों पर हमला रोके आस्ट्रेलिया : व्यालार रवि
नई दिल्ली, 9 जनवरी (आईएएनएस)। आस्ट्रेलिया में एक भारतीय को जिंदा जलाए जाने की घटना को अति पीड़ादायक बताते हुए भारत की ओर से शनिवार को कैनबरा से कहा गया कि वह इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करे।
प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्री व्यालार रवि ने यहां संवाददाताओं को बताया, "हमें पता चला है कि आस्ट्रेलिया में एक और हमला हुआ है। यह दुर्भाग्यपूर्ण है, क्योंकि जिस तरह से उन्होंने वादे किए थे, उस तरह से स्थितियों में सुधार नहीं हो रहा है। यह हम सभी के लिए बहुत पीड़ादायक है।"
रवि ने भारतीय प्रवासियों के आठवें वार्षिक सम्मेलन के मौके पर यहां कहा, "मैं स्पष्ट तौर पर कहना चाहता हूं कि आस्ट्रेलिया सरकार को इन घटनाओं को रोकने के लिए कार्रवाई करनी चाहिए।"
ज्ञात हो कि चार अज्ञात हमलावरों ने मेलबर्न के एसेंडन में शनिवार को एक 29 वर्षीय भारतीय नागरिक, जसप्रीत सिंह को कथित रूप से आग के हवाले कर दिया। यह घटना रात दो बजे के ठीक पहले उस समय घटी, जब जसप्रीत अपनी कार खड़ी कर रहा था।
अल्फ्रेड हॉस्पीटल में जसप्रीत की हालत स्थिर बताई गई है। वह 20 प्रतिशत जल गया है।
भारतीय छात्रों पर लगातार हो रहे हमलों पर सख्त नाराजगी जताते हुए रवि ने आस्ट्रेलियाई अधिकारियों से कड़ी कार्रवाई करने और बेहतर परिणाम प्रस्तुत करने के लिए कहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications