उप्र में संक्रामक बीमारी से 13 बच्चों की मौत
लखनऊ, 9 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के एक गांव में पिछले तीन हफ्तों में संक्रामक बीमारियों से 13 बच्चों की मौत हो चुकी है।
लखनऊ से 250 किमी दूर बदायूं जिले के राजथल गांव के लोगों ने बताया कि गांव में 13 बच्चों की मौत दूषित पेयजल की वजह से होने वाली हैजा, पेचिश व तपेदिक जैसी बीमारियों की वजह से हो गई है और 70 अन्य भी इनकी चपेट में हैं।
राजथल गांव की दिलवारी देवी ने पत्रकारों को शनिवार को बताया,"यह तो होना ही था क्योंकि गांव में दूषित पानी की आपूर्ति होती है। पिछले कई हफ्तों से दूषित पानी ही हमें मिल रहा है। इसके अलावा पिछले तीन महीनों से नियमित सफाई नहीं की गई है।"
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित विभाग में कई बार दूषित पानी और साफ-सफाई को लेकर शिकायतें दर्ज कराई जा चुकी हैं।
स्वच्छता की बदहाल स्थितियों की बात स्वीकार करते हुए हुए बदायूं के मुख्य चिकित्साधिकारी पी.के. जैन ने आईएएनएस से कहा,"मुझे बच्चों की मौतों के बारे में स्थानीय पत्रकार से जानकारी मिली। पहली नजर में ही, निश्चित तौर पर यहां होने वाली मौतें अधिकारियों के उदासीन रवैये को उजागर करती है। मैंने जांच के आदेश दिए हैं और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications