प्रवासी भारतीय दिवस : 'गुजरात में प्रवासी समुदाय ने निवेश किया'
नई दिल्ली, 9 जनवरी (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी के अनुसार वैश्विक वित्तीय संकट के बावजूद गुजरात की अर्थव्यवस्था में प्रवासी भारतीय समुदाय ने रिकार्ड-तोड़ निवेश किया।
तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय दिवस (पीबीडी) 2010 के अंतिम दिन मोदी ने कहा कि प्रवासियों को जोड़ने वाले वार्षिक सम्मेलन 'जीवंत गुजरात सम्मेलन' की सफलता से गुजरात भारत का शीर्ष निवेश स्थल बन गया है।
उन्होंने कहा कि जनवरी 2009 में सम्मेलन का आयोजन वैश्विक आर्थिक मंदी के साये में हुआ। सम्मेलन में रिकार्ड-तोड़ निवेश प्रस्तावों से गुजरात की अर्थव्यवस्था को बढ़ावा मिला। वहां 240 अरब डॉलर से अधिक के आपसी सहमति के समझौते हुए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य 200 औद्योगिक क्षेत्रों और 60 विशेष आर्थिक क्षेत्रों (सेज) से आगे अब विशेष निवेश क्षेत्रों (एसआईआर)की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा, "धोलेरा एसआईआर में वैश्विक आर्थिक गतिविधियां दिखेंगी। वहां विश्वस्तरीय आधारभूत ढांचा, प्रमुख नागरिक सुविधाएं, उत्कृष्टता के केंद्र और सक्रिय नीति ढांचा होगा।"
राज्य इस वर्ष अपनी स्थापना की स्वर्ण जयंती स्वर्णिम गुजरात के रूप में मना रहा है और मोदी ने प्रवासी समुदाय के लोगों को इस उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications