बसु को देखने पहुंचे मनमोहन, हालत गंभीर (लीड-2)
मनमोहन सिंह दोपहर करीब एक बजे साल्टलेक स्थित निजी अस्पताल के सघन हृदय चिकित्सा कक्ष (आईसीसीयू) पहुंचे, जहां बसु का इलाज चल रहा है। प्रधानमंत्री अस्पताल में करीब 20 मिनट तक रहे।
मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य और केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी भी प्रधानमंत्री के साथ थे। इन दोनों नेताओं ने हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री की अगवानी की।
एक जनवरी को निमोनिया की शिकायत के बाद एएमआरआई अस्पताल में भर्ती कराए जाने के बाद से बसु को लगातार जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा जा रहा है।
एएमआरआई अस्पताल के बुलेटिन में कहा गया, "बुधवार सुबह बसु की हालत बिगड़ते देख उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया था। हालांकि बुधवार शाम उनकी हालत में कुछ सुधार हुआ था लेकिन गुरुवार को उनकी हालत फिर बिगड़ गई।"
अस्पताल के मुताबिक बुधवार शाम के बाद से 96 वर्षीय बसु का रक्तचाप अस्थिर है। हालांकि उनके इलाज में किसी प्रकार का बदलाव करने की सलाह नहीं दी गई है।
चिकित्सा अधीक्षक देबाशीष शर्मा ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, "उनकी हालत स्थिर बनी हुई है। उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली पर रखा गया है।"
प्रधानमंत्री दिल्ली से एक विशेष विमान से केवल बसु को देखने दोपहर 12.30 बजे कोलकाता पहुंचे। कोलकाता के केवल डेढ़ घंटे के दौरे के बाद सिंह नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के लिए रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री के दौरे के पहले अस्पताल में प्रवेश नियंत्रित कर दिया गया और आसपास की सड़कों से यातायात को मोड़ दिया गया। अस्पताल परिसर में जैमर लगाए गए और विशेष सुरक्षा दस्ते के जवानों ने पूरे परिसर को घेर लिया।
राज्य सरकार ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध के लिए विशेष कार्रवाई बल और त्वरित कार्रवाई बल सहित भारी संख्या में सशस्त्र पुलिसकर्मियों को तैनात किया।
गुरुवार सुबह चिकित्सकों को भी सुरक्षा जांच के बाद अस्पताल परिसर में प्रवेश करने दिया गया।
इससे पहले मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के वरिष्ठ नेता श्यामल चक्रबर्ती ने बसु को देखने जा रहे लोगों से प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान अपनी योजना स्थगित करने का आग्रह किया।
मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पोलित ब्यूरो सदस्य सीताराम येचुरी गुरुवार सुबह बसु को देखने अस्पताल पहुंचे। येचुरी ने बताया, "डाक्टरों के मुताबिक बसु की स्थिति में सुधार हुआ है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications