दिल्ली में कोहरा, पर विमानों की आवाजाही सामान्य
नई दिल्ली, 6 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली में दो दिन आसमान साफ रहने के बाद बुधवार तड़के फिर से कोहरा छा गया हालांकि उड़ानों की आवाजाही पर इसका कुछ असर नहीं पड़ा।
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सुबह सात बजे दृश्यता 100मीटर थी लेकिन नौ बजे यह बढ़कर 400मीटर हो गई। विभाग के अधिकारी के अनुसार, "सुबह घना कोहरा रहने से दृश्यता का स्तर घट गया लेकिन दिन चढ़ने के साथ-साथ स्थिति बेहतर हुई।"
पिछले हफ्ते घने कोहरे की वजह से इंदिरा गांधी हवाई अड्डे पर विमानों की आवाजाही बाधित हुई थी। लेकिन बुधवार सुबह उड़ानों की आवाजाही सामान्य रही।
हवाई अड्डे के एक अधिकारी ने बताया, "उड़ानों की आवाजाही के लिए दृश्यता पर्याप्त थी। सुबह कोहरे के कारण इनमें कोई बाधा नहीं पहुंची।"
यमुना नदी और उसके आसपास कोहरा काफी घना था जिससे लोगों को दफ्तर पहुंचने में खासी दिक्कत पेश आई।
न्यूनतम तापमान सामान्य से कम 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications