छत्तीसगढ़ में आंदोलनकारियों के खिलाफ डकैती का मामला दर्ज
दंतेवाड़ा के जिला पुलिस अधीक्षक अमरेश मिश्रा ने बुधवार को फोन पर आईएएनएस से कहा, "हमने दंतेवाड़ा के पत्रकारों की शिकायत के आधार पर आईपीसी की धारा 395 के तहत दो महिलाओं सहित छह लोगों के खिलाफ डकैती और स्वेच्छा से चोट पहुंचाने का मामला दर्ज किया है। इनमें से चार लोगों के नाम ज्ञात हैं जबकि दो अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।"
स्थानीय पत्रकारों के समूह द्वारा दर्ज कराई गई प्राथमिकी में मुंबई की प्रियंका बोरपुजारी, सत्येन बोरडोलाई और निष्ठा हैं जबकि हैदराबाद के सुरेश का नाम है। स्थानीय पत्रकारों का आरोप है कि बाहर से आए पत्रकारों और आंदोलनकारियों ने दंतेवाड़ा में उन पर हमला किया और उनके मोबाइल और कैमरा छीन लिए थे। दंतेवाड़ा रायपुर से 380 किलोमीटर दूर स्थित है।
समूह में कुछ वृत्तचित्र फिल्मकार भी शामिल थे। ये लोग दंतेवाड़ा में एक स्वयं सेवी संगठन 'वनवासी चेतना आश्रम' (वीसीए) द्वारा स्थानीय जनजातियों पर सुरक्षा बलों के अत्याचारों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए यहां आए थे।
घटना का विवरण देते हुए मुंबई की स्वतंत्र पत्रकार प्रियंका ने कहा कि उनके कैमरे छीन लिए गए थे और मंगलवार को वीसीए परिसर में सात घंटे तक उन पर निगरानी रखी गई।
प्रियंका ने आईएएनएस से कहा, "हमने भी स्थानीय मीडियाकर्मियों के खिलाफ एक प्राथमिकी दर्ज करवाई है, जिसमें हमारे दो कैमरे छीने जाने और पुलिस की निष्क्रियता की बात कही गई है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications