अब होगा आरुषि के माता-पिता का नार्को टेस्ट

आरुषि तलवार हत्याकांड की जांच कर रही सीबीआई ने सोमवार को अदालत से तलवार दंपति के नार्को परीक्षण की इजाजत मांगी थी। तलवार दंपत्ति तो नार्को परीक्षण को तैयार हो गए, लेकिन अदालत ने इस मामले में अपना फैसला सुरक्षित रख लिया। अदालत ने अपना फैसला मंगलवार की दोपहर सुनाया।
राजेश बोले इससे जांच में सहायता मिलेगी
कोर्ट में तलवार दंपत्ति के वकील ने हालांकि अदालत में सीबीआई की इस मांग का विरोध किया लेकिन तलवार दंपत्ति ने बाद में कहा कि वह इसके लिए तैयार है। राजेश तलवार ने कहा, "हम किसी भी टेस्ट को तैयार हैं। हमें इससे कोई दिक्कत नहीं है। यदि इससे जांच में कोई सहायता मिलती हैं हमें क्या दिक्कत हो सकती है।"
इससे पहले, सीबीआई के वकील सुरेश बत्रा ने न्यायाधीश प्रीति सिंह के समक्ष अर्जी दाखिल कर सीबीआई को तलवार दंपत्ति का नार्को परीक्षण कराने की इजाजत देने का अनुरोध किया।
सीबीआई को ताजा सुराग मिले
उन्होंने कहा, "सीबीआई के नवगठित दल को कुछ ऐसे ताजा सुराग मिले हैं जिनकी वजह से राजेश और नुपुर का नार्को परीक्षण कराना आवश्यक है।" राजेश और नुपुर के वकील सतीश टम्टा ने सीबीआई के अनुरोध का विरोध करते हुए कहा, "इस मामले की अंतिम रिपोर्ट दाखिल की जा चुकी है और माता-पिता बेकसूर पाए गए हैं।"
उल्लेखनीय है कि 14 वर्षीय आरुषि का 16 मई 2008 को नोएडा के जलवायु विहार स्थित उसके घर से शव बरामद किया गया था। उसी के ठीक दूसरे दिन आरुषि के घर की छत पर उनके नौकर हेमराज का भी खून से लतपत शव बरामद हुआ।












Click it and Unblock the Notifications