चण्डीगढ़ में स्वाइन फ्लू से 5 और मरे, 6 नए मामले
चण्डीगढ़ के स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी एच. सी. गेरा ने गुरुवार को कहा, "कल (बुधवार) शाम चण्डीगढ़ के अस्पतालों में पांच लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में चण्डीगढ़ निवासी 52 वर्षीय राजन कुमार, हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर के 65 वर्षीय गंगा राम, हरियाणा के अंबाला की 34 वर्षीय ऋतु गुलाटी, पंजाब की 66 वर्षीय लाजवंती और 20 वर्षीय पूजा शामिल हैं।"
उन्होंने कहा, "इनमें से तीन लोगों की पीजीआईएमईआर (स्नात्कोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान) में मौत हुई जबकि दो अन्य की सेक्टर 32 स्थित सरकारी अस्पताल में मृत्यु हुई थी। हमने अन्य राज्यों के स्वास्थ्य अधिकारियों को इन मौतों के संबंध में जानकारी दे दी है।"
सेक्टर 30 निवासी राजन कुमार के पारिवारिक सदस्यों के स्वास्थ्य पर स्वास्थ्य अधिकारी नजर रखे हुए हैं।
पीजीआईएमईआर के एक चिकित्सक सहित छह अन्य लोगों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई है। इनमें चण्डीगढ़ के दो, पंजाब के तीन और हरियाणा का एक व्यक्ति शामिल है।
अब तक यहां 800 मरीजों में स्वाइन फ्लू की जांच हुई है। इनमें से 325 लोगों में इसकी पुष्टि हुई है।
चण्डीगढ़ के अस्पतालों में केवल दिसम्बर के महीने में ही स्वाइन फ्लू से पीड़ित 45 लोगों की मौत हो गई है और करीब 170 लोगों में इसकी पुष्टि हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।












Click it and Unblock the Notifications